2 साल से नहीं नहाए थे शरद कपूर, केयरटेकर का दावा- मदद के बजाय कुछ लोग कर रहे थे उनकी मौत का इंतजार
बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी खराब हालत और आर्थिक तंगी को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 'जोश' और 'दस्तक' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता की जिंदगी के पिछले कुछ साल बेहद मुश्किलों में गुजरे हैं। अब उनकी करीबी दोस्त और केयरटेकर हेमा चौधरी ने उनके हालात को लेकर ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान है। उन्होंने दावा किया कि शरद करीब दो साल तक न तो नहाए थे और न ही अपने बिस्तर से बाहर निकले थे।
कुत्तों को बचाने पहुंचीं तो मिली शरद कपूर की हालत
हेमा चौधरी मुंबई में 'बेजुबान ट्रस्ट' नाम से एक डॉग रेस्क्यू संस्था चलाती हैं। 'बॉलीवुड कट अनकट' पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह एक बार अपनी संस्था के काम से शरद कपूर की बिल्डिंग में कुत्तों को बचाने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात अभिनेता से हुई। जब उन्होंने शरद के कमरे की हालत देखी तो वह बुरी तरह हैरान रह गईं। उनके मुताबिक, अभिनेता बेहद खराब परिस्थितियों में रह रहे थे और उन्हें बुनियादी देखभाल तक नहीं मिल रही थी।
'तीन-चार लोग उनकी मौत का इंतजार कर रहे थे'
हेमा ने बातचीत में दावा किया कि शरद की हालत इतनी गंभीर थी कि वह लगभग जिंदगी की आखिरी स्थिति में पहुंच चुके थे। उन्होंने कहा कि तीन से चार लोग ऐसे थे, जो उनके मरने का इंतजार कर रहे थे। हेमा के मुताबिक, शरद ने करीब दो साल से नहाया नहीं था और न ही बिस्तर से उठे थे। यहां तक कि कोई उनसे यह पूछने वाला भी नहीं था कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं। हेमा का कहना है कि अगर वह समय रहते अभिनेता तक नहीं पहुंचतीं तो उनकी जान भी जा सकती थी।
परिवार से नहीं मिला साथ?
हेमा ने शरद के भाई से संपर्क करने की कोशिश का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने परिवार को अभिनेता की स्थिति के बारे में जानकारी दी और मदद करने की अपील की, लेकिन उन्हें दोबारा कोई जवाब नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसके पीछे संपत्ति विवाद या कोई दूसरी वजह हो सकती है। ये सभी बातें हेमा के दावे हैं।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं अभिनेता
इससे पहले शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम और आर्थिक मदद मांगी थी। उन्होंने बताया था कि पिछले कुछ सालों में वह डिप्रेशन और दूसरी परेशानियों से जूझ रहे हैं। वहीं, सोनू सूद और सलमान खान समेत कुछ फिल्मी हस्तियों की ओर से मदद के लिए आगे आने की खबरें भी सामने आई हैं।
शरद कपूर 'स्वाभिमान', 'दस्तक', 'जोश', 'एलओसी कारगिल', 'लक्ष्य', 'वांटेड' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनकी मौजूदा स्थिति ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मुश्किल वक्त में फिल्म इंडस्ट्री के अपने कलाकारों को कितना सहारा मिल पाता है।






