‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे देखने को मिल रहे हैं। अब रैपर यंग DSA अपनी लव लाइफ को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड समीक्षा (समा) को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर उनके करीबी दोस्त स्काउट OP भी हैरान रह गए। यंग ने कबूल किया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को एक-दो बार नहीं, बल्कि करीब 10-12 बार धोखा दे चुके हैं।
गर्लफ्रेंड का मैसेज नहीं मिलने पर हुए इमोशनल
दरअसल, बिग बॉस के घर में हाल ही में ‘संदेशे आते हैं’ टास्क हुआ, जिसमें कंटेस्टेंट्स को अपने परिवार की तरफ से रिकॉर्ड किए गए ऑडियो मैसेज सुनने का मौका मिला। इस दौरान यंग DSA के परिवार का संदेश सुनाया गया। अपने माता-पिता और भाई का मैसेज सुनकर वह काफी भावुक हो गए। हालांकि, उन्हें इस बात का दुख भी हुआ कि उनकी गर्लफ्रेंड समीक्षा की तरफ से कोई संदेश नहीं आया। इसके बाद उन्होंने स्काउट OP के साथ अपने रिश्ते को लेकर बातचीत की।
स्काउट के सामने कबूली 10 बार धोखा देने की बात
बातचीत के दौरान यंग ने स्काउट से कहा कि उन्होंने समीक्षा को खो दिया है। इस पर स्काउट ने उन्हें समझाने की कोशिश की। तभी यंग ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने समीक्षा को कई बार चीट किया है। उन्होंने बताया कि यह धोखा करीब 10 अलग-अलग मौकों पर हुआ था। स्काउट ने हैरानी से पूछा कि इतनी बार धोखा देने के बावजूद समीक्षा उनके साथ रही? इस पर यंग ने जवाब दिया कि समीक्षा को उनके धोखे के बारे में पता ही नहीं था।
अब सता रहा है गर्लफ्रेंड को खोने का डर
यंग ने आगे अंदाजा लगाया कि शायद बिग बॉस के घर में आने के बाद समीक्षा को उनकी हरकतों के बारे में पता चला होगा। यही वजह है कि उन्हें अब अपना रिश्ता टूटने का डर सता रहा है। गौरतलब है कि शो में यंग कई बार समीक्षा को अपनी जिंदगी की खास महिला बता चुके हैं। ऐसे में उनका यह कबूलनामा दर्शकों के लिए काफी हैरान करने वाला रहा।
स्काउट OP को ज्ञान देने पर हुए ट्रोल

यंग DSA के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स उनके पुराने बयानों और स्काउट OP को रिश्तों को लेकर दी गई सलाह की याद दिला रहे हैं। लोगों का कहना है कि जो शख्स खुद अपनी गर्लफ्रेंड को इतनी बार धोखा देने की बात कबूल कर रहा है, वह दूसरों को रिश्तों पर ज्ञान कैसे दे सकता है? अब यंग का यह बयान बिग बॉस 20 के सबसे चर्चित खुलासों में शामिल हो गया है।






