26/11 हमले के वक्त भारत में थे अली जफर
अली जफर ने वसीम अब्बास के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान बताया कि 'तेरे बिन लादेन' उनके करियर की पहली हिंदी फिल्म थी। इस फिल्म का विषय काफी अलग और जोखिम भरा था। खास बात यह थी कि वह एक पाकिस्तानी कलाकार होकर भारत में ऐसी फिल्म के जरिए बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे थे। हालांकि, उन्हें इसकी कहानी बेहद पसंद आई थी और उन्होंने अपने दिल की सुनते हुए इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी थी।
सिर्फ 2-3 दिन की शूटिंग बाकी थी
अभिनेता ने बताया कि जब वह फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, उसी दौरान 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकी हमला हो गया। उस वक्त फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी थी और केवल दो से तीन दिन का काम बाकी था। अली जफर ने बताया कि हमले की खबर सामने आने के बाद सभी ने उन्हें वापस लौटने की सलाह दी थी।
उन्होंने कहा कि लोगों ने उनसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन उनका खुद का भी मानना था कि जिस प्रोजेक्ट को उन्होंने शुरू किया है, उसे पूरा करना चाहिए। इसलिए उन्होंने मुश्किल हालात के बावजूद फिल्म को अधूरा छोड़ने के बजाय अपनी प्रतिबद्धता को प्राथमिकता दी।
हैदराबाद में पूरी हुई फिल्म की शूटिंग
अली जफर ने आगे बताया कि मुंबई में हमले के बाद फिल्म की बची हुई शूटिंग हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में पूरी की गई। इसके बाद वह वापस लौट गए। हालांकि, फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद भी इसकी रिलीज का रास्ता आसान नहीं रहा। मेकर्स को फिल्म के लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स तलाशने और एडिटिंग समेत पोस्ट प्रोडक्शन के काम पूरे करने में करीब दो साल लग गए। आखिरकार 2010 में यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इसे क्रिटिक्स से अच्छी प्रतिक्रिया मिली।
कई बॉलीवुड फिल्मों में नजर आए अली जफर
'तेरे बिन लादेन' से बॉलीवुड में पहचान बनाने के बाद अली जफर ने 'मेरे ब्रदर की दुल्हन', 'लंदन पेरिस न्यूयॉर्क', 'चश्मे बद्दूर', 'टोटल सियापा' और 'किल दिल' जैसी फिल्मों में काम किया। वह शाहरुख खान और आलिया भट्ट की फिल्म 'डियर जिंदगी' में भी नजर आए थे।
अली जफर ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में बिताए अपने पांच-छह सालों को भी याद किया। उन्होंने खुद को खुशकिस्मत बताया कि उन्हें हिंदी फिल्मों में बतौर लीड एक्टर काम करने, अपना संगीत देने और इंडस्ट्री के लोगों से प्यार व सम्मान पाने का मौका मिला।






