'रामायण' के मेकर्स के खिलाफ शिकायत दर्ज, रावण का किया महिमामंडन? राम-लक्ष्मण को बताया डरपोक!
बॉलीवुड की मचअवेटेड फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म को जहां दर्शकों का प्यार मिल रहा है, वहीं अब इसकी कहानी और किरदारों के चित्रण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के मेकर्स के खिलाफ मुंबई में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि फिल्म में रावण का महिमामंडन किया गया है, जबकि भगवान राम और लक्ष्मण को डरपोक दिखाया गया है।
मेकर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदू जनजागृति समिति (HJS) के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने मुंबई के मुलुंड पश्चिम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी का नाम शामिल है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म ने महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण की कथा को तोड़-मरोड़कर पेश किया है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
रावण को बताया गरीबों का मसीहा?
शिकायतकर्ता का दावा है कि फिल्म में रावण को गरीबों को सोने के घर देने वाला, शोषितों का रक्षक और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने वाला शासक दिखाया गया है। वहीं, भगवान राम और लक्ष्मण को राक्षसों की सेना से डरकर पीछे हटते और भागते हुए दिखाने पर भी आपत्ति जताई गई है। शिकायत में खर-दूषण नाम के राक्षसों से भगवान राम के माफी मांगने वाले कथित दृश्य पर भी सवाल उठाए गए हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस से फिल्म की पूरी कॉपी, स्क्रिप्ट, संवाद और सबटाइटल हासिल कर जांच करने की मांग की है। साथ ही विवादित दृश्यों के सटीक समय को सुरक्षित रखने और वाल्मीकि रामायण के जानकारों, संस्कृत विशेषज्ञों तथा धर्मगुरुओं की राय लेने की अपील की है।
गौरतलब है कि इससे पहले विश्व हिंदू परिषद (VHP) भी फिल्म पर आपत्ति जता चुकी है और इसकी स्क्रीनिंग रोकने तथा सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग कर चुकी है। हालांकि, ये सभी आरोप और आपत्तियां हैं, जिन पर पुलिस या संबंधित अधिकारियों का अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है।






