साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश की लव स्टोरी चर्चा में है। अभिनेत्री ने पति और बिजनेसमैन एंटनी थाटिल के साथ अपने 15 साल पुराने रिश्ते पर बात की। उन्होंने बताया कि अलग-अलग धर्मों के कारण परिवार को मनाना आसान नहीं था। उनकी मां को प्रेम कहानी का पता बेटी की डायरी पढ़ने से चला था।
मां ने पढ़ ली थी डायरी
Curly Tales से बातचीत में कीर्ति ने बताया कि 12वीं के बाद वह एंटनी को डेट करने लगी थीं। कॉलेज के दिनों में उनकी मां, अभिनेत्री मेनका ने उनकी निजी डायरी पढ़ ली। उसमें रिश्ते से जुड़ी बातें लिखी थीं। कीर्ति के मुताबिक, मां ने कहा था कि वह उनकी मां हैं और डायरी पढ़ सकती हैं। इस घटना के बाद अभिनेत्री ने डायरी लिखना छोड़ दिया, जबकि उन्हें लिखने का शौक था। उन्होंने मजाक में कहा कि उन्हें नहीं पता डायरी कहां है और शक है कि मां ने उसे जला दिया होगा।
धर्म की वजह से आईं मुश्किलें
कीर्ति ने बताया कि वह और एंटनी दिसंबर 2009 में मिले और जनवरी 2010 में डेटिंग शुरू की। उस वक्त कीर्ति 17 साल की थीं और एंटनी उनसे सात साल बड़े थे। कीर्ति हिंदू परिवार से हैं, जबकि एंटनी ईसाई हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, इसी वजह से घर में परेशानियां हुईं और परिवार को मनाने में समय लगा। उन्होंने कहा कि एंटनी ने उन्हें अभिनेत्री बनने से पहले जाना था और दोनों साथ-साथ बड़े हुए।
15 साल बाद हुई शादी
दोनों ने लंबे समय तक रिश्ता निजी रखा। कीर्ति के मुताबिक, वे अकेले घूमने के बजाय दोस्तों के साथ छुट्टियों पर जाते थे, ताकि किसी को रिश्ते का पता न चले। नवंबर 2024 में अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर रिश्ता सार्वजनिक किया। 12 दिसंबर 2024 को गोवा में दोनों ने शादी कर ली। समारोह में तमिल हिंदू और मलयाली ईसाई परंपराओं के अनुसार रस्में निभाई गईं। इस तरह उनका रिश्ता शादी तक पहुंचा।






