‘रामायणम्’ की कैकेयी के लिए लारा दत्ता का इमोशनल पोस्ट, बोलीं- इतिहास में सबसे गलत समझी गई महिला!
फिल्म ‘रामायणम्’ इन दिनों अपनी रिलीज को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के कलाकारों से लेकर उनके किरदारों तक, हर चीज दर्शकों का ध्यान खींच रही है। इसी बीच अभिनेत्री लारा दत्ता ने अपने किरदार कैकेयी को लेकर एक ऐसा भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। लारा ने कैकेयी को इतिहास में शायद सबसे गलत समझी गई महिला बताया है। उनका मानना है कि कैकेयी के व्यक्तित्व को सिर्फ उनके एक फैसले के आधार पर नहीं आंकना चाहिए।
कैकेयी के किरदार से जुड़ी लारा की भावनाएं

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ में लारा दत्ता राजा दशरथ की पत्नी और भगवान राम की सौतेली मां कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की रिलीज के मौके पर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर अपने किरदार को लेकर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपने अभिनय के जरिए माता कैकेयी के जटिल व्यक्तित्व और भावनाओं के साथ न्याय कर पाएंगी। लारा के इस पोस्ट से साफ है कि वह इस किरदार को केवल नकारात्मक नजरिए से नहीं देखतीं।
'उसका गुस्सा, कमजोरियां और पछतावा समझना जरूरी'
लारा ने अपने पोस्ट में लिखा कि कई साल पहले उनके मन में किसी ऐसी कहानी का हिस्सा बनने की इच्छा थी, जो समय से भी बड़ी हो और हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहे। अब ‘रामायणम्’ के जरिए उनका यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कैकेयी के किरदार की भावनात्मक जटिलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक ऐसी महिला की इंसानियत को पर्दे पर जीवंत करने की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है।
अभिनेत्री ने कैकेयी के गुस्से, कमजोरियों, अपराधबोध और पछतावे को समझने की कोशिश पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, कैकेयी एक ऐसी महिला थीं, जिन्होंने इतिहास का रुख बदल दिया। लारा चाहती हैं कि दर्शक इस किरदार को सदियों से चली आ रही धारणाओं से आगे बढ़कर देखें। Navbharat Times
कैकेयी के एक फैसले ने बदल दी थी रामायण की कहानी
रामायण की कथा में कैकेयी का किरदार बेहद अहम है। राजा दशरथ की प्रिय रानी होने के बावजूद उन्होंने अपने दो वरदानों का इस्तेमाल करते हुए भरत के लिए अयोध्या का राजपाट और भगवान राम के लिए 14 वर्षों का वनवास मांगा था। उनके इस फैसले से पूरी अयोध्या में शोक की लहर दौड़ गई थी। यही वजह है कि सदियों से उन्हें राम के वनवास के लिए जिम्मेदार माना जाता रहा है।
लारा को उम्मीद, दर्शक समझेंगे कैकेयी का दर्द
अपने पोस्ट के आखिर में लारा ने उम्मीद जताई कि वह माता कैकेयी के किरदार के साथ न्याय कर पाएंगी और दर्शक उनके योगदान को नए नजरिए से स्वीकार करेंगे। उन्होंने अपने संदेश का समापन 'जय श्री राम' के साथ किया। फिल्म में राजा दशरथ का किरदार अरुण गोविल निभा रहे हैं। वहीं, रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि लारा की कैकेयी दर्शकों के दिलों में कैसी जगह बनाती हैं।






