‘आयुष्मान खुराना को मिली करोड़ों की फिरौती की धमकी’, ऑडियो मैसेज में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आने से हड़कंप!
बॉलीवुड में इन दिनों सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। अब अभिनेता आयुष्मान खुराना को कथित तौर पर करोड़ों रुपये की फिरौती के लिए धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक्टर को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज भेजा गया है, जिसमें मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई है।
ऑडियो मैसेज में मांगे करोड़ों रुपये

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को मिले ऑडियो मैसेज में एक अज्ञात शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए उनसे करोड़ों रुपये की मांग की है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में गैंग से जुड़ा है या फिर उसने सिर्फ गैंग का नाम इस्तेमाल करके एक्टर को डराने की कोशिश की है।
आवाज के नमूनों से हो रही जांच

मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान धमकी भरे ऑडियो की तुलना पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति के पुराने वॉयस सैंपल से की जा रही है। इसके जरिए मैसेज भेजने वाले की पहचान और उसकी कथित गैंग से संबद्धता की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इस धमकी के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने की पुष्टि नहीं की है।
तुषार कपूर को भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि आयुष्मान से पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उस शख्स ने उनसे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी और खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में उसकी आवाज हैरी बॉक्सर के उपलब्ध वॉयस सैंपल से मेल नहीं खाई। ऐसे में पुलिस को उस मामले में भी फर्जी धमकी की आशंका है।
वहीं, टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर सवाल पहले ही उठ रहे हैं। अब आयुष्मान को मिली कथित धमकी ने इन चिंताओं को और बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
फिलहाल आयुष्मान खुराना को मिली धमकी की असलियत जांच के बाद ही सामने आएगी।






