‘आपसे घटिया आदमी कोई नहीं’, लव को लेकर स्काउट पर भड़के सलमान खान, वीकेंड का वार में लगाई जमकर
क्लास!
बिग बॉस 20 के घर में इन दिनों स्काउट ओपी, लव गिल और उनकी गर्लफ्रेंड काशवी हिरानंदानी के बीच रिश्तों को लेकर जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। अब इस पूरे विवाद में शो के होस्ट सलमान खान की भी एंट्री हो गई है। वीकेंड का वार के नए प्रोमो में भाईजान स्काउट पर बुरी तरह भड़कते नजर आ रहे हैं। उन्होंने स्काउट की वफादारी पर सवाल उठाते हुए ऐसी बात कह दी, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
सलमान खान ने लगाई स्काउट की क्लास
दरअसल, पिछले हफ्ते शो में रोहित शेट्टी ने स्काउट और लव की बढ़ती नजदीकियों पर सवाल उठाए थे। इसके बाद स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी भी बिग बॉस के घर पहुंचीं और उन्होंने लव के साथ स्काउट की दोस्ती पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लव पर स्काउट को अपने जाल में फंसाने का आरोप भी लगाया था। वहीं, काशवी ने स्काउट को लव से दूरी बनाने की सलाह दी थी।
‘रिश्ता वही, पर मसाज नहीं’
अब सलमान खान ने इसी मुद्दे पर स्काउट को घेरा है। प्रोमो में भाईजान कहते हैं कि स्काउट किसी के साथ लॉयल नहीं हैं। जिस लड़की को वह बहन जैसी दोस्त बताते हैं, उसे अपनी गर्लफ्रेंड के सामने डिफेंड तक नहीं कर पाए। सलमान ने यह भी पूछा कि क्या लव ने उन्हें इमोशनली मैनिपुलेट किया है? इस पर स्काउट ने साफ इनकार कर दिया।
लेकिन सलमान यहीं नहीं रुके। उन्होंने स्काउट को फटकार लगाते हुए कहा कि अगर उन्हें अपनी गलती माननी चाहिए थी, तो दूसरों पर आरोप क्यों लगा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘रिश्ता वही, पर मसाज नहीं।’ साथ ही सलमान ने चेतावनी दी कि अगर स्काउट ने किसी को पटाने के चक्कर में झूठा कमिटमेंट दिया है, तो उनसे घटिया आदमी कोई नहीं है।
गुस्से में स्काउट ने उतारा माइक
प्रोमो में सलमान की बातें सुनकर स्काउट काफी हैरान और परेशान नजर आते हैं। वह अपना माइक और कोट उतारते भी दिखाई देते हैं। उधर, काशवी ने भी सोशल मीडिया पर अपने पिछले बयानों से आहत लोगों से माफी मांगी थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान की इस फटकार के बाद स्काउट क्या जवाब देते हैं और लव के साथ उनकी दोस्ती का आगे क्या होता है।






