राम के किरदार ने बदल दी जिंदगी! अरुण गोविल बोले- लोग आज भी मेरे पैर छूते हैं, घरों में होती है पूजा
टीवी की दुनिया में कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो कलाकार की पहचान हमेशा के लिए बदल देते हैं। ऐसा ही कुछ अभिनेता अरुण गोविल के साथ हुआ। रामानंद सागर की मशहूर सीरियल 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाकर अरुण गोविल घर-घर में लोकप्रिय हो गए थे। साल 1987 में प्रसारित हुए इस शो का जादू आज भी लोगों के दिलों में कायम है। खास बात यह है कि दर्शक आज भी उन्हें भगवान राम के रूप में ही देखते हैं।
हाल ही में 'स्क्रीन' को दिए एक इंटरव्यू में अरुण गोविल ने अपने इस खास अनुभव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि भगवान राम का किरदार निभाने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। अभिनेता के मुताबिक, उनकी छवि इतनी मजबूत हो गई थी कि निर्माता और निर्देशक भी उन्हें दूसरे किरदारों में कास्ट करने से पहले सोचने लगे थे। इस वजह से उन्हें कई सालों तक एक ही तरह की भूमिकाओं तक सीमित रहना पड़ा।
आज भी लोग छूते हैं पैर
अरुण गोविल ने बताया कि राम का किरदार निभाने से उन्हें जो प्यार और सम्मान मिला, उसकी तुलना किसी दूसरी उपलब्धि से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज भी नई पीढ़ी के लोग उनके पैर छूते हैं और आशीर्वाद लेते हैं। कई बार जब वह किसी कमरे में दाखिल होते हैं तो लोग सम्मान में खड़े हो जाते हैं। अभिनेता ने यह भी बताया कि साल 1987 से लेकर आज तक कई घरों में उनकी तस्वीर की पूजा की जाती है।
करियर पर पड़ा था असर
अरुण गोविल ने माना कि राम की छवि के कारण उनके अभिनय करियर के दूसरे रास्ते कुछ हद तक मुश्किल हो गए थे। हालांकि, उन्हें इसका कोई पछतावा नहीं है। उनका मानना है कि अगर वह उस समय कई फिल्मों और टीवी शोज में काम भी कर लेते, तब भी उन्हें राम के किरदार से मिला सम्मान नहीं मिल पाता। उनके लिए यह लोकप्रियता और लोगों का विश्वास सबसे बड़ी उपलब्धि है।
रोज करते हैं पूजा-पाठ
इंटरव्यू में अभिनेता ने अपनी दिनचर्या के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम करीब एक-एक घंटे पूजा करना उनकी जिंदगी का हिस्सा है। उनके मुताबिक, वह हमेशा सकारात्मक सोच रखते हैं और हर दिन को एक जैसा मानते हैं।
बता दें कि अरुण गोविल अब नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में राजा दशरथ की भूमिका में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं।






