बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन इन दिनों अपने एक पुराने इंटरव्यू को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने कनाडा में बिताए अपने छात्र जीवन के दिनों का बेहद दिलचस्प और हैरान करने वाला किस्सा सुनाया था। एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले माधवन रोटरी के एक्सचेंज स्टूडेंट प्रोग्राम के तहत कनाडा गए थे। वहां उन्होंने स्टेटलर में कुछ समय बिताया, जिसे उन्होंने ‘वाइल्ड वेस्ट’ और काउबॉय कल्चर वाला इलाका बताया था।
माधवन ने बताया कि वह खुद हार्डकोर वेजिटेरियन हैं, लेकिन कनाडा में जिन परिवारों के साथ वह रहे, वे जीविका के लिए गायों का वध करते थे। उनके लिए यह अनुभव बेहद बड़ा सांस्कृतिक और नैतिक झटका था। अभिनेता ने इसे अपने नजरिए से ‘अधर्म’ बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि यह अनुभव उनके व्यक्तित्व को आकार देने वाले महत्वपूर्ण दौर का हिस्सा था।

लेकिन माधवन का सबसे मजेदार और असहज अनुभव बास्केटबॉल टीम के साथ जुड़ा था। मैच के बाद खिलाड़ियों को लॉकर रूम में सामूहिक शॉवर लेना पड़ता था। वहां लड़के बिना कपड़ों के एक साथ नहाते थे, जबकि दक्षिण भारतीय परिवार से आने वाले माधवन के लिए यह बिल्कुल सामान्य नहीं था। उनके मुताबिक, गेम खेलने से ज्यादा उन्हें शॉवर रूम में जाने की चिंता होती थी।
माधवन ने बताया कि उन्होंने इस स्थिति से निपटने के लिए अंडरवियर पहनकर ही शॉवर लेने का फैसला किया। बाकी लड़कों को यह अजीब लगा और वे सोचने लगे कि आखिर माधवन क्या छिपा रहे हैं। सात दिन के टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने यही तरीका अपनाया।

इस अनुभव से माधवन ने एक बड़ी सीख भी ली। उन्होंने महसूस किया कि अगर किसी चीज को लेकर इंसान सहज नहीं है, तो सिर्फ इसलिए उसे नहीं अपनाना चाहिए क्योंकि वह दूसरों के लिए सामान्य है। उनके मुताबिक, अपनी सहजता और पहचान के साथ खड़े रहने का आत्मविश्वास आगे चलकर फिल्म इंडस्ट्री में भी उनके लिए बेहद जरूरी साबित हुआ।






