सामंथा रुथ प्रभु ने बीमारी को बनाया ताकत, 2 साल तक नहीं लगाया परफ्यूम, अब खड़ा किया 120 करोड़ का बिजनेस!
साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ अब बिजनेस की दुनिया में भी सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। जिंदगी में कई मुश्किल दौर देखने वालीं सामंथा ने अपनी बीमारी को ही एक नई शुरुआत की वजह बना लिया। कभी उन्हें अपनी सेहत के चलते करीब दो साल तक परफ्यूम से दूरी बनानी पड़ी थी, लेकिन आज वही खुशबू उनका करोड़ों का कारोबार बन चुकी है। उनकी फ्रेगरेंस कंपनी 'सीक्रेट अल्केमिस्ट' ने 120 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात यह है कि पिछले आठ महीनों में ब्रांड ने आठ गुना ग्रोथ दर्ज की है।
बीमारी के बाद बदली जिंदगी और सोच
सामंथा को मायोसाइटिस नाम की ऑटोइम्यून बीमारी का पता चला था। इस बीमारी ने न सिर्फ उनकी सेहत बल्कि उनके काम और जिंदगी को देखने का नजरिया भी बदल दिया। अभिनेत्री ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें अपनी जीवनशैली में बदलाव करने, प्रोडक्ट्स के इंग्रीडिएंट्स पढ़ने और तेज केमिकल वाले उत्पादों का इस्तेमाल कम करने की सलाह दी थी।
इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि रोजाना इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक परफ्यूम में कई तरह के केमिकल मौजूद होते हैं। इसके बाद उन्होंने करीब दो साल तक परफ्यूम का इस्तेमाल नहीं किया। हालांकि, बाद में खुशबू की दुनिया में उनकी वापसी हुई, लेकिन इस बार उनकी पसंद बदल चुकी थी।
ऐसे हुई 'सीक्रेट अल्केमिस्ट' की शुरुआत
परफ्यूम से दूरी बनाने के दौरान सामंथा को क्लीन और नेचुरल फ्रेगरेंस की अहमियत समझ आई। उन्हें Secret Alchemist के अरोमाथेरेपी ब्लेंड्स पसंद आए। इसके बाद उन्होंने इस ब्रांड से जुड़ीं और अंकिता थडानी तथा आकाश वालिया के साथ मिलकर इसे आगे बढ़ाया। ब्रांड का फोकस भारतीय बॉटनिकल इंग्रीडिएंट्स और क्लीन फ्रेगरेंस पर है।
पहली कोशिश हुई थी नाकाम
सामंथा ने अपनी सफलता के पीछे छिपे संघर्ष को भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि उनका पहला बिजनेस पार्टनरशिप वाला प्रोजेक्ट असफल हो गया था। हालांकि, उस नाकामी ने उन्हें कई जरूरी सबक सिखाए। अभिनेत्री के मुताबिक, सफलता से ज्यादा उन्होंने अपनी असफलताओं से सीखा है। उनका मानना है कि किसी भी बिजनेस को खड़ा करने में समय लगता है और गलतियों से सीखना बेहद जरूरी है।
120 करोड़ के पार पहुंचा कारोबार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Secret Alchemist ने महज आठ महीनों में आठ गुना ग्रोथ दर्ज करते हुए 120 करोड़ रुपये का रेवेन्यू पार किया है। इस उपलब्धि के साथ सामंथा ने साबित कर दिया है कि मुश्किल हालात के बीच भी नई शुरुआत की जा सकती है। उनकी यह कहानी अब सिर्फ एक अभिनेत्री की सफलता नहीं, बल्कि संघर्ष से निकली एक प्रेरणादायक कारोबारी यात्रा बन गई है।






