सिमरन बाला ने क्रैक की UPSC CAPF परीक्षा, इस साल ये परीक्षा पास करने वाली J&K से इकलौती लड़की, जानें कौन है ये लड़की
UPSC Inspiring Story: सरहद पार दहशतगर्दी पर नियंत्रण के बाद जैसे-जैसे शांति का माहौल स्थापित हो रहा है, इससे जम्मू कश्मीर के सरहदी इलाकों के निवासियों को तरक़्क़ी और खुशहाली की नई-नई सौग़ातें मिल रही हैं। इन सब के बीच एक और अच्छी खबर आई है। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती शहर नौशेरा की रहने वाली सिमरन बाला इस साल संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की परीक्षा पास करने वाली केंद्र शासित प्रदेश की पहली लड़की बन गई हैं।

उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 82 रैंक ही हासिल नहीं किया, बल्कि केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल यानि सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस में असिस्टेंट कमांडेंट के तौर पर सीधी नियुक्ति पाकर नया रिकॉर्ड बनाया है।
सिमरन बाला राजौरी जिले की नौशेरा तहसील की रहने वाली हैं. सिमरन ने 10वीं तक की पढ़ाई राजौरी के ही नेशनल पब्लिक स्कूल से की है. इसके बाद 11वीं और 12वीं की पढ़ाई जम्मू से की. सिमरन ने अपना ग्रेजुएशन गवर्नमेंट कॉलेज फॉर विमेन, गांधीनगर से किया है.
उन्होंने ग्रेजुएशन के दौरान ही परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। अंतिम सेमेस्टर में उन्होंने यह परीक्षा दी। उनकी मेहनत का ही फल है कि उन्होंने 3 चरण में होने वाली इस परीक्षा का पहले प्रयास में ही पास कर लिया।

सिमरन ने CAPF (AC) ने अपने कॉलेज के आखिरी सेमेस्टर के दौरान यह परीक्षा दी थी। वह पहले ही प्रयास में परीक्षा, फिजिकल टेस्ट और मेडिकल पास करने में सफल रहीं। सिमरन ने UPSC के इंटरव्यू को पहले ही प्रयास में पास कर लिया था। सिमरन ने 22 मई 2023 को उन्होंने UPSC में अपना इंटरव्यू दिया था। सिमरन ने बताया कि इस सफलता में उनके परिवार ने उनका बहुत साथ दिया है।
सिमरन का कहना है कि उन्होंने परीक्षा को पास अपना सपना पूरा कर लिया है। उन्हें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सहायक कमांडेंट के रूप में नियुक्त किया गया है। सिमरन ने एएनआई से बात करते हुए कहा, “मैं पूरे जोश के साथ अपना कर्तव्य निभाऊंगी।” परिवार और पड़ोसी भी समिरन की सफलता पर गर्व कर रहे हैं।
सिमरन बाला की जर्नी अन्य उम्मीदवारों को बहुत कुछ सिखाती है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय लेवल की इन परीक्षाओं को क्लियर करने के लिए कड़ी मेहनत, ईमानदार दृष्टिकोण और अच्छे स्वास्थ्य की जरूरत होती है। उनका कहना है कि आप चाहे भारत के किसी भी हिस्से में रहते हों, अपनी मेहनत और इंटरनेट की मदद से आप हर मुकाम हासिल कर सकते हैं।



