युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भले इस बार टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं हैं लेकिन KKR के कोच चंद्रकांत पंडित को लगता है कि अय्यर भविष्य में टीम इंडिया के कप्तान होंगे.
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उसका तीसरा खिताब जिताने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी की खूब तारीफ हो रही है. इस कड़ी में उसके मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित (Chandrakant Pandit) ने दावा किया है कि अय्यर भविष्य में भारतीय टीम के कप्तान होंगे. उनकी कप्तानी में साफ झलकता है कि वह किसी भी परिस्थिति में खुद को शांत और ठंडा रखना बखूबी जानते हैं. बता दें चंद्रकात पंडित भारतीय क्रिकेट में काफी महत्व रखते हैं वह करीब 25 सालों से इस भूमिका में आईपीएल समेत कई अलग-अलग टीमों को सफलता दिला चुके हैं.
चंद्रकांत पंडित रणजी ट्रॉफी जैसे अहम टूर्नामेंट में मुंबई, विदर्भ और मध्य प्रदेश जैसी टीमों को अलग-अलग समय में अपनी कोचिंग में खिताब जितवा चुके हैं. इस कड़ी में अब उनके नाम आईपीएल ट्रॉफी भी शामिल हो गई है. केकेआर की इस जीत के बाद पंडित ने अंग्रेजी दैनिक द टाइम्स ऑफ इंडिया को एक इंटरव्यू दिया है. इस इंटरव्यू में उन्होंने अय्यर को भारतीय टीम में भविष्य का कप्तान करार दिया है.

इस इंटरव्यू में पंडित से सवाल पूछा गया था कि अय्यर ने इस टूर्नामेंट में अपनी कप्तानी से खूब प्रभावित किया है. उन्हें इस साल BCCI का कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला था लेकिन इसके बावजूद उन्होंने आगे आकर टीम की कप्तानी की. इसके जवाब में चंद्रकांत पंडित ने कहा, ‘मैं श्रेयस अय्यर को इसका बहुत श्रेय दूंगा. वह एक शानदार कप्तान रहे हैं. बहुत ही शांत और कूल. उन्होंने हमारे सुझावों को स्वीकार किया और टीम को मैदान के भीतर और बाहर बेहतर ढंग से संभाला. केकेआर के साथ उन्होंने वह गुणवत्ता दिखाई है, जो भविष्य में उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी के योग्य बनाती है.’
जब पंडित से पूछा गया कि BCCI का कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलने के बाद उन्होंने अय्यर को कैसे प्रेरित किया तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘किसी भी खिलाड़ी को इससे (BCCI का कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलने से) निराशा होगी. हालांकि इससे श्रेयस अय्यर की परफॉर्मेंस पर कोई असर नहीं हुआ. जब भी हम कुछ भी बात करते थे तो हम इस विषय पर कोई बात नहीं करते थे. हमें यह साफ था कि जो काम अभी हमारे हाथ में वह ज्यादा महत्वपूर्ण है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे अभी भी याद है कि इस प्रकरण के बाद उन्होंने कहा था कि सर मैं खुद को साबित करके दिखाऊंगा. जिस ढंग से उन्होंने इस आईपीएल में बैटिंग की, वह अब बहुत ही परिपक्व और समझदार बल्लेबाज दिख रहे हैं.’





