बॉलीवुड में कई कलाकार ऐसे रहे हैं, जिन्हें एक खास किरदार ने रातोंरात पहचान दिलाई, लेकिन शोभिनव सत्या की कहानी कुछ ज्यादा ही दिलचस्प है। कभी हैंडसम हंक के अंदाज में नजर आने वाले शोभिनव अब ‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा यानी ‘महाराज जी’ का किरदार निभाकर घर-घर पहचाने जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि कुछ दर्शक उन्हें असल में महाराज समझकर श्रद्धा भी जताने लगे हैं।

शोभिनव शुरुआत में इस फिल्म के हीरो नहीं थे। वह बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर प्रोजेक्ट से जुड़े थे। लेकिन नीम करौली बाबा का किरदार निभाने वाले अभिनेता की तबीयत खराब होने के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने शोभिनव का करीब पांच घंटे तक ऑडिशन लिया। इसके बाद उन्हें यह अहम भूमिका मिल गई। यानी कैमरे के पीछे काम करने वाला कलाकार अचानक कैमरे के सामने फिल्म का चेहरा बन गया।

‘हनुमान अंश’ की सफलता ने शोभिनव की किस्मत भी पलट दी। कम बजट में बनी फिल्म ने उम्मीद से कहीं ज्यादा कारोबार किया और इसकी कहानी व आध्यात्मिक विषय को दर्शकों का मजबूत समर्थन मिला। फिल्म की सफलता के साथ शोभिनव के अभिनय की भी चर्चा होने लगी। सोशल मीडिया पर उनके लुक और किरदार को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
हालांकि यही लोकप्रियता अब उनके करियर के लिए चुनौती भी बन सकती है। शोभिनव ने बताया है कि कुछ लोग उन्हें महाराज के रूप में पूजने लगे हैं और वह उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश करते हैं, क्योंकि वह खुद को सिर्फ एक कलाकार मानते हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शोभिनव इस ‘बाबा’ वाली छवि से बाहर निकल पाएंगे? अगर वह आगे मॉडर्न, एक्शन या बिल्कुल अलग किरदार निभाते हैं, तो यह साबित हो सकता है कि ‘हनुमान अंश’ उनके करियर की सीमा नहीं, बल्कि एक शानदार शुरुआत है।






