‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब एक और आध्यात्मिक फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, संत प्रेमानंद जी महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेश पर ‘राधा अंश’ नाम से फिल्म बनाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट पर अभी महाराज जी की आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी बताई जा रही है। मंजूरी मिलते ही फिल्म का टीजर जारी किए जाने की बात सामने आई है।

दरअसल, ‘हनुमान अंश’ की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति से जुड़ी है। फिल्म के निर्माताओं ने इसे पर्दे पर उतारने से पहले प्रेमानंद जी महाराज से मार्गदर्शन भी लिया था। उन्होंने संतों के जीवन को बिना अनावश्यक ग्लैमर या काल्पनिक बदलाव के, श्रद्धा और सच्चाई के साथ दिखाने की सलाह दी थी।
अब ‘राधा अंश’ की खबर सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को लेकर हो रही है। दोनों प्रेमानंद जी महाराज के भक्तों में गिने जाते हैं और कई मौकों पर उनके दर्शन के लिए वृंदावन पहुंच चुके हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहा है कि क्या यह जोड़ी फिल्म में दिखाई देगी?

हालांकि, यहां एक जरूरी बात है—विराट और अनुष्का के ‘राधा अंश’ में काम करने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं ‘हनुमान अंश’ के अगले पार्ट में दोनों के संभावित कैमियो को लेकर भी चर्चाएं हैं। निर्माता नम्रता सिंह ने बताया है कि उन्होंने कुछ लोगों से संपर्क किया है, लेकिन कास्टिंग अभी फाइनल नहीं हुई है।
ऐसे में अगर ‘राधा अंश’ को मंजूरी मिलती है और विराट-अनुष्का इससे जुड़ते हैं, तो आध्यात्मिक सिनेमा के लिए यह एक बड़ा आकर्षण बन सकता है। फिलहाल दर्शकों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।






