शरद केलकर की जिंदगी से जुड़ा एक पुराना किस्सा आज भी काफी चौंकाने वाला है। एक वक्त ऐसा था जब गुस्सा उनके लिए परेशानी बन गया था। अभिनेता ने सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में बताया था कि करीब 12 साल पहले उन्हें एंगर इश्यू से जूझना पड़ता था। उनका कहना था कि उन्होंने कभी किसी पर हाथ नहीं उठाया, लेकिन उनका गुस्सा काफी तेज हुआ करता था।
गुस्से में शीशे पर दे मारा हाथ
शरद ने बताया कि एक बार गुस्से में उन्होंने अपना हाथ शीशे पर दे मारा। हाथ लगते ही कांच टूट गया और उनका हाथ बुरी तरह घायल हो गया। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें सर्जरी करानी पड़ी और हाथ पर करीब 150 टांके लगाए गए। इस घटना ने उनकी निजी जिंदगी पर भी गहरा असर डाला।

पत्नी की आंखों के सामने हुआ हादसा
इस घटना के वक्त उनकी पत्नी कीर्ति गायकवाड़ केलकर भी वहां मौजूद थीं। शरद के मुताबिक, कीर्ति यह सब देखकर बेहद डर गई थीं। अस्पताल पहुंचने के बाद जब शरद ने उन्हें रोते हुए देखा तो उन्हें एहसास हुआ कि उनके गुस्से का असर सिर्फ उन्हें नहीं, बल्कि उनके करीबियों पर भी पड़ रहा था। कीर्ति ने यह भी बताया था कि शरद का ऐसा रिएक्शन देखकर वह खुद अपनी सुरक्षा को लेकर डर गई थीं।
हादसे के बाद बदली जिंदगी
शरद ने बताया कि इस घटना ने उन्हें अंदर तक प्रभावित किया और इसके बाद उन्होंने खुद को शांत रखने का फैसला किया। समय के साथ उन्होंने अपने गुस्से पर काबू पाया और दूसरों के नजरिए को समझकर प्रतिक्रिया देना सीखा।
शरद ने यह भी बताया था कि मुंबई आने के शुरुआती दिनों में वह हकलाते थे और आर्थिक परेशानियों से भी जूझ रहे थे। इन्हीं संघर्षों के बीच उन्होंने टीवी से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में फिल्मों और वॉइस आर्टिस्ट के तौर पर भी अपनी पहचान बनाई। आज वह अपने दमदार अभिनय और आवाज के लिए जाने जाते हैं।






