सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ का ट्रेलर 5 अक्टूबर को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में रजनीकांत का टाइगर मुथुवेल पांडियन अवतार, दमदार एक्शन और बड़े सितारों की मौजूदगी ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। इसी बीच ट्रेलर के एक बेहद छोटे से शॉट ने इंटरनेट पर नई चर्चा छेड़ दी है।
दरअसल, करीब 1 मिनट 31 सेकंड के आसपास एक शख्स की पीछे से दिखाई देती सिल्हूट नजर आती है। इस एक झलक को देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि यह कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन हैं। शॉट इतना तेजी से आता है कि पलक झपकते ही गायब हो जाता है, लेकिन फैंस ने इसे पकड़ लिया और अब ऋतिक के संभावित कैमियो की चर्चा तेज हो गई है।
एक्स पर कई यूजर्स ने ट्रेलर के इस फ्रेम को शेयर करते हुए सवाल किया कि क्या ‘जेलर 2’ में ऋतिक रोशन सरप्राइज अपीयरेंस देने वाले हैं। कुछ फैंस तो इसे एक तरह से कैमियो की पुष्टि तक मान रहे हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म के मेकर्स या ऋतिक रोशन की ओर से उनके कैमियो को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दिलचस्प बात यह है कि ऋतिक की संभावित मौजूदगी की अटकलें फिल्म रिलीज से पहले ही सामने आती रही हैं। ऐसे में ट्रेलर की यह रहस्यमयी झलक फैंस की उम्मीदों को और हवा दे रही है। वहीं, ट्रेलर में मोहनलाल, शिवराजकुमार, जैकी श्रॉफ, मिथुन चक्रवर्ती और विद्या बालन जैसे सितारों की मौजूदगी पहले ही फिल्म को खास बना चुकी है।
फिलहाल सवाल यही है कि ट्रेलर में दिखी वह सिल्हूट वाकई ऋतिक रोशन की है या फिर फैंस की नजरों का कमाल। ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






