अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ लगातार मजबूत करती नजर आ रही है। 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद मंगलवार को भी दर्शकों को थिएटर तक खींचने में कामयाबी हासिल की। फिल्म के पांचवें दिन के आंकड़े अब इसकी रफ्तार की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार यानी 6 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3’ ने भारत में करीब 19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की पांच दिनों की कुल घरेलू कमाई 216.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। वहीं, विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा और पांचवें दिन करीब 9.50 करोड़ रुपये का योगदान मिला। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 341.30 करोड़ रुपये हो गया है।
87 लाख से ज्यादा दर्शकों ने देखी फिल्म
कमाई के साथ-साथ फिल्म ने दर्शकों की संख्या के मामले में भी बड़ा आंकड़ा छुआ है। एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के अनुसार, पांचवें दिन ‘दृश्यम 3’ को 8.76 लाख दर्शकों ने सिनेमाघरों में देखा। इसके साथ पांच दिनों में फिल्म की कुल फुटफॉल 87.59 लाख तक पहुंच गई। यानी महज पांच दिनों में करीब 88 लाख दर्शक विजय सलगांवकर की कहानी देखने थिएटर पहुंच चुके हैं।
फिल्म की शुरुआत भी बेहद दमदार रही थी। पहले दिन इसने 62 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि शनिवार को 53.50 करोड़ और रविवार को 61 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले वीकेंड में फिल्म ने 176.50 करोड़ रुपये नेट जुटाए। सोमवार को भी इसने करीब 21 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
अजय देवगन का सबसे तेज 200 करोड़ क्लब
मंगलवार की कमाई के साथ ‘दृश्यम 3’ ने भारत में 200 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार कर लिया। फिल्म के प्रदर्शन को लेकर ट्रेड रिपोर्ट्स में इसे अजय देवगन के करियर की सबसे तेज 200 करोड़ पार करने वाली फिल्मों में बताया जा रहा है।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में हैं। अब नजर इस बात पर है कि पहले हफ्ते के अंत तक फिल्म कितनी बड़ी छलांग लगाती है।






