बॉलीवुड के मेगा सुपरस्टार शाहरुख खान (Shahrukh Khan) इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘जवान’ (Jawan) को लेकर सुर्ख़ियों में बने हुए हैं। शाहरुख की इस फिल्म को लेकर उनके फैंस काफी एक्साइटेड हैं। जवाब में शाहरुख़ एक बार फिर अलग और दमदार किरदार निभाते हुए नजर आएँगे।

बता दें इस फिल्म को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ किया जाएगा। ऐसे में हाल ही ट्विटर पर एक फैन ने शाहरुख़ से सवाल किया कि, “@iamsrk सर क्या फिल्म के डायरेक्टर एटली ने आपको तमिल #जवान #AskSRK सिखाई है।” इस पर शाहरुख ने जवाब दिया, “एटली और अनिरुद्ध ने मुझसे तमिल में गाने की कुछ लाइनें लिप सिंक कराईं…उम्मीद है कि मैं उन्हें सही समझ पाया।”

इसके अलावा जब एक फैन ने शाहरुख से पहली बार तमिल स्टार नयनतारा के साथ काम करने के अनुभव पूछा तो इस पर शाहरुख़ ने जवाब दिया, “वह प्यारी हैं… बहुत प्यारी हैं और साथ काम करने के लिए बहुत बढ़िया है। एक खुशी।”
इतना ही नहीं शाहरुख़ इस फिल्म में एक और तमिल स्टार के साथ काम कर रहे हैं जो हैं एक्टर विजय सेतुपति, शाहरुख़ ने विजय के साथ काम करने के अपने अनुभव का खुलासा करते हुए कहा कि, ‘वह बहुत विनम्र व्यक्ति और एक शानदार अभिनेता हैं। मैंने विजय से बहुत कुछ सीखा। #जवान’

बता दें हाल ही में किंग खान ने फिल्म ‘जवान’ का लेटेस्ट पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस पोस्टर के साथ ही उन्होंने फिल्म की रिलीज़ डेट का भी खुलासा किया है। शाहरुख खान ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म ‘जवान’ का लेटेस्ट पोस्टर शेयर किया। फिल्म के इस नए पोस्टर में आप देख सकते हैं शाहरुख अपने हाथ में भाला लिए और पूरी बदन पर पट्टियों से कवर्ड नजर आ रहे हैं।

फैंस को इस पोस्टर में एक चीज़ की कमी लगी और वो है किंग खान का चेहरा। जी हां… जवान के इस पोस्टर पर तमाम फैंस ये कमेंट करने लगे कि किंग खान आपका चेहरा क्यों नजर नहीं आ रहा है इस पोस्टर में। तो शाहरुख़ ने जवाब दिया कि, ‘फिल्म के निर्माता ने मुझे परमिशन नहीं दी !! कहा बस तेरा नाम ही काफी है !! हाहाहा #जवान’।
बता दें इस फिल्म को शाहरुख की पत्नी गौरी खान ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। शाहरुख़ ने ये भी खुलासा किया है कि फिल्म ‘जवान’ में अरिजीत सिंह का एक गाना भी होगा, जिन्होंने हाल ही में पठान के लिए ‘झूम जो पठान’ गाया था। बता दें शाहरुख़ की फिल्म ‘जवान’ 7 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।





