सानिया मिर्जा के पिता ने बताया कि सानिया-शोएब अलग हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि सानिया ने शोएब से ‘ख़ुला’ किया है.
Sania Mirza- Shoaib Malik Divorce: भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और उनके पति पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक अलग हो गए हैं. 20 जनवरी को ख़बर सामने आई कि शोएब ने पाकिस्तान की एक्ट्रेस सना जावेद से शादी कर ली है. इसी के बाद सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने सानिया और शोएब के रिश्ते पर ये जानकारी दी. इमरान मिर्जा ने बताया कि ‘सानिया ने शोएब से ख़ुला किया है’.

क्या है ‘ख़ुला’ शब्द का मतलब?
‘ख़ुला’ शब्द का इस्लाम धर्म में तलाक की एक प्रक्रिया है. इसके तहत महिला अपने पति से हमेशा के लिए अलग होकर अपने मायके वालों के पास वापस चली जाती है. पारंपरिक फ़िक़्ह के आधार पर कुरआन और हदीस में संदर्भित ख़ुला महिला को तलाक लेने की अनुमति देता है. ख़ुला का शाब्दिक अर्थ है ‘पूर्ववत करना’ या वापस पहले जैसा करना. ख़ुला शब्द को अरबी शब्द ‘खल’ से लिया गया है. इसका मतलब होता है किसी चीज को दूसरी से अलग करना या निकालना.

शोएब और सना जावेद की शादी
शोएब मलिक ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस सना जावेद के साथ तीसरी शादी कर ली है. वहीं सना जावेद की ये दूसरी शादी है. उन्होंने 20 जनवरी को सना के साथ फोटो शेयर कर इसकी जानकारी दी. शोएब की पहली शादी आयशा सिद्दीकी से हुई थी. फिर साल 2010 में सानिया मिर्जा से दूसरी शादी हुई थी. सना से शादी के कई दिन पहले से ही ये अपुष्ट खबरें आने लगी थीं कि सानिया और शोएब के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा. हालांकि दोनों की तरफ से इस पर कोई बयान नहीं आया. हालांकि 8 जनवरी को सानिया मिर्जा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट किया था जिसको लेकर दोनों के अलग होने की चर्चा तेज हो गई थी. सानिया ने लिखा था,
‘शादी मुश्किल है. तलाक भी मुश्किल है. मोटापा मुश्किल है. फिट रहना भी मुश्किल है. आपको अपनी मुश्किलें खुद चुननी चाहिए. कर्ज में रहना भी मुश्किल है. और आर्थिक रूप से समृद्ध रहना भी मुश्किल है. आपको अपनी मुश्किलें खुद चुननी होंगी. बातचीत करना मुश्किल है और ना करना भी मुश्किल है. आपको अपनी मुश्किलें खुद चुननी होंगे. जिंदगी कभी आसान नहीं होती है. मुश्किलें जिंदगी का हिस्सा है. तो आप अपनी मुश्किलों का चुनाव खुद करें.जब कोई आपके दिल का चैन छीनने की कोशिश करे तो उसे जाने दीजिए.’





