‘रामायणम्’ में सीता बनीं साई पल्लवी की पहली झलक ने जीता दिल, सौम्यता देख फैंस को आईं दीपिका चिखलिया की याद!
फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। मेकर्स भी फिल्म की रिलीज से पहले एक-एक करके प्रमुख किरदारों की झलक दिखाकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में अब माता सीता के रूप में साई पल्लवी का नया कैरेक्टर प्रोमो जारी किया गया है। इसमें एक्ट्रेस का बेहद सौम्य, सरल और दिव्य रूप देखने को मिल रहा है। उनकी इस झलक ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर ली हैं।
मिथिला की राजकुमारी बनीं साई पल्लवी
प्रोमो के साथ मेकर्स ने साई पल्लवी को 'धरती की पुत्री, मिथिला की राजकुमारी, प्यार से बंधी और धर्म से प्रेरित' बताते हुए उनका परिचय कराया। वीडियो में सीता के जीवन के अलग-अलग पड़ावों की झलक दिखाई गई है। शादी से पहले का रूप हो, विवाह के बाद की छवि या फिर वनवास के दौरान का अंदाज, हर दृश्य में साई पल्लवी की सादगी और चेहरे की शांति दर्शकों का ध्यान खींच रही है। उनके हाव-भाव और पारंपरिक वेशभूषा ने किरदार को खास बना दिया है।
दीपिका चिखलिया से होने लगी तुलना
साई पल्लवी की इस झलक को देखने के बाद कई दर्शकों को रामानंद सागर की लोकप्रिय टीवी सीरीज ‘रामायण’ में सीता बनीं दीपिका चिखलिया की याद आ गई। दीपिका ने अपने अभिनय और सहज भावों से इस किरदार को घर-घर में लोकप्रिय बनाया था। अब साई के सौम्य अंदाज को देखकर फैंस दोनों अभिनेत्रियों के रूप की चर्चा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर किसी ने उन्हें परफेक्ट सीता बताया, तो किसी ने उनकी दिव्यता और गरिमा की तारीफ की।
5 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। अब देखना दिलचस्प होगा कि साई पल्लवी पर्दे पर माता सीता के किरदार से दर्शकों के दिलों में कितनी गहरी छाप छोड़ पाती हैं।






