‘रामायणम्’ की भव्यता सिर्फ शानदार विजुअल्स तक सीमित नहीं है। इसके सेट्स और प्रॉप्स भी चर्चा में हैं। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म के आर्ट डायरेक्टर रमेश अंधाले ने इनके निर्माण के खुलासे किए हैं।
24 कैरेट सोने से सजा रावण का सिंहासन
रमेश के मुताबिक, रावण का सिंहासन बनाने में करीब चार महीने लगे। पहले मिट्टी से मॉडल तैयार हुआ, फिर फाइबर से उसे आकार दिया गया। इस पर 24 कैरेट सोने की परत यानी गोल्ड लीफिंग की गई। इसकी लागत लगभग एक करोड़ रुपये रही। फिल्म में यश रावण बने हैं और यह सिंहासन लंका के वैभव को दिखाता है।
शूर्पणखा के रथ पर खर्च हुए 1.5 करोड़
रकुल प्रीत सिंह के किरदार शूर्पणखा के लिए बना रथ भी खास है। इसे तैयार करने में करीब तीन महीने लगे और इसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। रथ को खूबसूरत और इस्तेमाल लायक बनाया गया। इसके डिजाइन, मजबूती और संतुलन पर खास ध्यान दिया गया।
पुष्पक विमान के डिजाइन पर छह साल की मेहनत
रावण का पुष्पक विमान करीब 50 फीट चौड़ा था। इतना बड़ा मॉडल स्टूडियो में एक साथ नहीं बन सकता था, इसलिए इसे चार हिस्सों में तैयार किया गया। इसकी संरचना बनाने में 40 से 50 दिन लगे। वहीं, निर्देशक नितेश तिवारी विमान की कल्पना और डिजाइन पर लगभग छह साल से काम कर रहे थे। अंतिम रूप से पहले कई डिजाइन देखे गए।
150 से ज्यादा सेट्स ने रची फिल्म की दुनिया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए 150 से अधिक सेट बनाए गए। सोने की लंका के निर्माण में एक समय पर 500 से 600 मजदूर जुटे, जबकि बड़े दृश्यों में करीब 1,000 डांसर्स और जूनियर कलाकार शामिल हुए। इससे साफ है कि ‘रामायणम्’ की भव्यता के पीछे महंगे प्रॉप्स के साथ सैकड़ों कारीगरों और तकनीकी टीम की मेहनत भी है। हर प्रॉप को कहानी के मुताबिक बारीकी से डिजाइन किया गया है।






