भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा का आज बर्थडे है. वो 37 साल के हो गए हैं. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में धूम मचा रहे हिटमैन रोहित ने अपने बल्ले के दम पर गेंदबाजों को नाकों चने चबवाए हैं. रोहित ने अपने बल्ले से क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना नामुमकिन सा है. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 अद्भुत और ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स के बारे में…
Happy Birthday Rohit Sharma: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार (30 अप्रैल) को 37 साल के हो गए हैं. हिटमैन रोहित इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में धमाल मचा रहे हैं. इस बार वो मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान नहीं हैं. रोहित बतौर प्लेयर खेल रहे हैं. उनकी जगह हार्दिक पंड्या को कप्तानी मिली है.
मगर फैन्स यह अच्छी तरह से जानते हैं कि रोहित कप्तानी और बाकी कई मामलों में बहुत ऊपर हैं. उन्होंने अपने बल्ले के दम पर गेंदबाजों को नाकों चने चबवाए हैं. रोहित ने अपने बल्ले से क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना नामुमकिन-सा है.

खासकर वनडे क्रिकेट में रोहित का बल्ला जब चलता है, तो अच्छे-अच्छे गेंदबाजों के होश उड़ जाते हैं. हिटमैन रोहित ने वनडे में 3 दोहरे शतक लगाए हैं, जबकि किसी भी बल्लेबाज के लिए एक ही दोहरा शतक लगाना किसी सपने के कम नहीं होता है. आइए जानते हैं रोहित के ऐसे ही 5 अद्भुत और ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स के बारे में…
1. वनडे क्रिकेट में 3 दोहरे शतक
रोहित ने वनडे फॉर्मेट में एक या दो नहीं, बल्कि 3 बार दोहरे शतक लगाए हैं. उन्होंने पहली डबल सेंचुरी 2 नवंबर 2013 को ही जड़ दी थी. तब रोहित ने बेंगलुरु के मैदान में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों की आतिशी पारी खेली थी. इसके ठीक एक साल बाद रोहित ने वनडे क्रिकेट में नया इतिहास रचा.
रोहित ने ठीक एक साल बाद यानी 13 नवंबर 2014 को दोबारा वनडे क्रिकेट में दिग्गजों को कायल कर दिया. हिटमैन ने एक बार फिर डबल सेंचुरी जड़ दी. उन्होंने इस बार श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 264 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली.
Mumbai Indians special edit for Rohit Sharma on his birthday. 🔥
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 30, 2024
– The Greatest, Hitman. #HappybirthdayRohit pic.twitter.com/SRBPTA6ffE
इसके 3 साल बाद रोहित का बल्ला एक बार फिर ऐसा गरजा कि गेंदबाजों कांप गए. हिटमैन ने इस बार करियर का तीसरा दोहरा शतक जड़ा और वो ऐसा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए. रोहित ने इस बार फिर श्रीलंका को शिकार बनाया. उन्होंने मोहाली के मैदान पर 208 रनों की नाबाद पारी खेल डाली.
2. वनडे क्रिकेट में हाइएस्ट स्कोर
रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे तोड़ने के लिए किसी भी बल्लेबाज को सांसें रोक देने वाली पारी खेलनी होगी. इसके लिए उस बल्लेबाज का भी पूरा दम लग सकता है और उसकी हालत खराब हो सकती है. यह वनडे क्रिकेट में हाइएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड है.
दरअसल, रोहित के नाम एक वनडे मैच में 264 रन बनाने का रिकॉर्ड है. यह अद्भुत और ऐतिहासिक रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ 13 नवंबर 2014 को बनाया था. रोहित ने 173 गेंदों पर यह पारी खेली थी, जिसमें 9 छक्के और रिकॉर्ड 33 चौके जमाए थे. जबकि इस मैच में श्रीलंकाई टीम 251 रनों पर सिमट गई थी, यानी 11 श्रीलंकाई खिलाड़ी मिलकर भी रोहित के स्कोर से आगे टीम को नहीं ले जा सके थे.
The Greatest ever to play the Pull Shots. 🐐#HappyBirthdayRohit pic.twitter.com/DmzL00obE5
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 29, 2024
3. एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा चौके
रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 264 रनों की ऐतिहासिक पारी में 33 चौके जमाए थे. यह भी क्रिकेट इतिहास का एक अटूट-सा रिकॉर्ड है. रोहित इस रिकॉर्ड के मामले में टॉप पर काबिज हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग संयुक्त रूप से काबिज हैं, जिन्होंने एक पारी में 25-25 चौके जमाए.
4. इंटरनेशनल क्रिकेट के सिक्सर किंग हैं रोहित
वनडे ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में रोहित हिट हैं. उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में सिक्सर किंग कहा जाता है. इसका सबूत भी यही है कि रोहित के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 597 छक्के जमाए हैं. उनके आसपास भी कोई नहीं है.
रोहित ने यह छक्के 472 इंटरनेशनल मैचों में जमाए हैं. इस मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 483 इंटरनेशनल मैचों में 553 छक्के जड़े हैं. तीसरा नंबर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफरीदी का है, जिन्होंने 524 इंटरनेशनल मैचों में 476 छक्के जमाए.

5. एक वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक
रोहित ने वनडे वर्ल्ड कप में भी अपने बल्ले से धूम मचाई है. उनके नाम एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम है, जिसे दर्ज करना हर प्लेयर के लिए गर्व की बात है. रोहित ने एक वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 5 शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
उन्होंने यह उपलब्धि 2019 वनडे वर्ल्ड कप में हासिल की थी. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों हारकर बाहर हुई थी. रोहित के बाद श्रीलंकाई कुमार संगकारा और साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक हैं, जिन्होंने बराबर 4-4 शतक जमाए हैं.





