2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ का जलवा! 300 करोड़ के करीब कमाई, कैंची धाम पहुंचीं प्रोड्यूसर
नई दिल्ली: बॉलीवुड में इन दिनों एक ऐसी फिल्म की चर्चा है, जिसने कम बजट से शुरुआत कर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा तूफान खड़ा कर दिया है। नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ ने कमाई के मामले में उम्मीद से कहीं आगे निकलते हुए 300 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की रफ्तार देखकर इंडस्ट्री भी हैरान है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने 40 दिनों में दुनियाभर में करीब 291.40 करोड़ रुपये कमा लिए हैं और अब 300 करोड़ क्लब से महज कुछ करोड़ दूर है।
पहले धीमी शुरुआत, फिर बॉक्स ऑफिस पर बवाल
दिलचस्प बात ये है कि ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बिल्कुल वैसी नहीं थी, जैसी अब इसकी कमाई दिखाई दे रही है। फिल्म ने शुरुआती दौर में करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी और पहले कुछ दिनों में इसे खास तवज्जो नहीं मिली। लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों की जुबानी तारीफ और सोशल मीडिया पर चर्चा ने फिल्म की किस्मत पलट दी।
फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म में भक्ति, सेवा, आस्था और भारतीय संस्कारों को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक फिल्म ने शुरुआती रिलीज के बाद लगातार अपनी स्क्रीन संख्या भी बढ़ाई।
सफलता के बाद कैंची धाम पहुंचीं अनुप्रिया नागर
फिल्म की जबरदस्त सफलता के बीच इसकी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर कैंची धाम पहुंचीं। उन्होंने बाबा नीम करोली महाराज के धाम में दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। अनुप्रिया ने इसे अपने लिए सौभाग्य की बात बताया और कहा कि फिल्म के जरिए भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और भारतीय संस्कारों का संदेश लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
300 करोड़ पर टिकी निगाहें
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘हनुमान अंश’ 300 करोड़ क्लब में आधिकारिक तौर पर एंट्री ले पाएगी? मौजूदा आंकड़ों को देखते हुए फिल्म इस पड़ाव से बेहद करीब है। महज 2 करोड़ के बजट वाली फिल्म का यह सफर अपने आप में असाधारण बॉक्स ऑफिस कहानी बन चुका है। खास बात यह भी है कि फिल्म की चर्चा अब सिर्फ कमाई तक सीमित नहीं, बल्कि कैंची धाम और नीम करोली बाबा की शिक्षाओं को लेकर भी लगातार बढ़ रही है।






