90 के दशक के आखिर और 2000 के शुरुआती दौर में म्यूजिक एल्बम्स का जबरदस्त क्रेज था। इसी दौर में एक ऐसा चेहरा सामने आया, जिसकी मासूमियत और हैंडसम लुक ने लड़कियों के बीच खूब हलचल मचा दी थी। ये चेहरा था नकुल कपूर का। 1998 में ‘हो गई है मोहब्बत तुमसे’ जैसे म्यूजिक वीडियो से पहचान बनाने वाले नकुल को जल्द ही फिल्मों में भी मौका मिला।

नकुल ने 2001 में ‘आजा मेरे यार’ में काम किया, लेकिन उन्हें सबसे बड़ी पहचान 2002 की फिल्म ‘तुमसे अच्छा कौन है’ से मिली। फिल्म में उन्होंने अर्जुन नाम के सीधे-सादे लड़के का किरदार निभाया था, जो सिंगर बनने का सपना लेकर मुंबई आता है। फिल्म के गाने, खासकर ‘आंख है भरी-भरी और तुम दिल लगाने की बात करते हो’, जबरदस्त लोकप्रिय हुए और नकुल रातोंरात युवाओं के बीच चर्चा का चेहरा बन गए।
लेकिन जिस तेजी से नकुल ने शोहरत हासिल की, उतनी ही तेजी से वह लाइमलाइट से दूर भी हो गए। फिल्मों में उनका करियर लंबा नहीं चला और धीरे-धीरे उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली। उनके गायब होने के बाद तो उनकी मौत तक की अफवाहें फैल गईं। कभी सड़क हादसे तो कभी बीमारी की वजह से निधन की खबरें सामने आईं, लेकिन बाद में नकुल ने इन दावों को खारिज कर बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं।

आज नकुल कपूर बॉलीवुड की चकाचौंध से काफी दूर कनाडा के वैंकूवर में रहते हैं। उन्होंने एक्टिंग की जगह योग और आध्यात्म का रास्ता चुना और ‘Divine Light Yoga’ नाम से योग सेंटर शुरू किया। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भी उन्हें एक्स-एक्टर और योग से जुड़े व्यक्ति के तौर पर पेश किया गया है।
यानी कभी ‘आंख है भरी-भरी’ से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले नकुल ने ग्लैमर की दुनिया छोड़कर अब एक बिल्कुल अलग जिंदगी को अपना लिया है।






