महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में 150 मैच जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रिकॉर्ड जीत के दौरान यह कीर्तिमान अपने नाम किया.
IPL 2024: महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने अपने ताज में एक और नगीना जड़ लिया है. चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के इस स्टार खिलाड़ी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में कोई भी नहीं बना पाया है. रविवार को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम (Chepauk) पर चेन्नई सुपर किंग्स की सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के खिलाफ 78 रन की जीत के बाद यह कीर्तिमान दर्ज किया.
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान इंडियन प्रीमियर लीग में 150 जीत हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने गए. रविवार को हैदराबाद पर जीत के बाद चेन्नई की टीम आईपीएल 2024 के पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है. टीम ने नौ में से पांच मैच जीते हैं.
𝗚𝗢𝗢𝗦𝗘𝗕𝗨𝗠𝗣𝗦 every time 🤌#IPLonJioCinema #CSKvSRH #TATAIPL #MSDhoni pic.twitter.com/GpYFqZDH8I
— JioCinema (@JioCinema) April 28, 2024
कुल मिलाकर धोनी ने 259 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 5178 रन बनाए हैं. धोनी का स्ट्राइक रेट 137.13 का है. उन्होंने 24 हाफ सेंचुरी बनाई हैं.

धोनी ने इस आईपीएल में सात पारियां खेली हैं. उनका स्ट्राइक रेट 259.46 का है. इस सीजन में उन्होंने 96 रन बनाए हैं और वह अभी तक आउट नहीं हुए हैं.
रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में जब धोनी क्रीज पर आए तो सिर्फ चार गेंद बाकी थीं. उन्होंने टी. नटराजन की पहली गेंद पर चौका लगाया और फिर अगली गेंद पर एक रन लिया.
आईपीएल के इतिहास में धोनी ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं. अपनी कप्तानी के हुनर और शांत स्वभाव के चलते वह काफी लोकप्रिय हैं. मैच की परिस्थिति को समझने का धोनी का हुनर बहुत कमाल का है. इसी वजह से उन्हें सीमित ओवरों के फॉर्मेट का बेस्ट फिनिशर भी कहा जाता है.

धोनी आईपीएल के पहले ही सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा हैं. साल 2008 में वह इस टीम के साथ जुड़े थे. साल 2016 और 2017 में जब चेन्नई पर दो साल का बैन लगा था तब वह राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की टीम में शामिल हुए थे. धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच खिताब जीते हैं. वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार आईपीएल जीतने वाली टीम है.
IPL में सबसे ज्यादा जीत के हिस्सा रहे खिलाड़ियों की बात करें तो धोनी के बाद रविंद्र जडेजा का नंबर आता है. चेन्नई सुपर किंग्स का यह ऑलराउंडर कुल 133 मैचों में जीत का हिस्सा रहे हैं. वहीं मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी 133 मैच जीते हैं. दिनेश कार्तिक ने 125 और सुरेश रैना ने 122 मुकाबले जीते हैं.





