आईपीएल 2024 के 14वें मैच में युजवेंद्र चहल का जादू सिर चढ़कर बोला। चहल ने अपनी फिरकी के जाल में मुंबई इंडियंस के तीन बल्लेबाजों को फंसाया। चहल ने सिर्फ 11 रन खर्च करते हुए वानखेड़े की सपाट पिच पर जबरदस्त स्पेल फेंका। राजस्थान के स्पिन गेंदबाज ने हार्दिक पांड्या को भी पवेलियन की राह दिखाई। ट्रेंट बोल्ट ने भी 3 विकेट अपने नाम किए।
MI vs RR: वानखेड़े की सपाट पिच पर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) मुंबई के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। चहल ने अपनी फिरकी के जादू में विपक्षी टीम के तीन धाकड़ बैटर्स को फंसाया। चहल की घातक गेंदबाजी के आगे पांच बार की चैंपियन मुंबई के बल्लेबाजों ने अपने ही होम ग्राउंड पर सरेंडर कर दिया। हाल यह रहा कि टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 125 रन ही स्कोर बोर्ड पर लगा सकी।
चहल की फिरकी का चला जादू
युजवेंद्र ने अपना पहला शिकार मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को बनाया। चहल ने मुंबई के कप्तान को बड़ा शॉट लगाने के लिए ललचाया और हार्दिक वही गलती कर बैठे, जो राजस्थान का स्पिन गेंदबाज करवाना चाहता था। हार्दिक ने हवा में शॉट खेला और बाउंड्री लाइन पर खड़े रोवमेल पॉवेल ने कैच पकडऩे में कोई गलती नहीं की।
Yuzvendra Chahal in IPL 2024:
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 1, 2024
3-0-25-1 vs LSG.
3-0-19-2 vs DC.
4-0-11-3 vs MI.
Chahal is making a strong case for the T20I World Cup 2024. ⭐ pic.twitter.com/WbqDSoxfrn
हार्दिक को पवेलियन भेजने के बाद चहल ने सेट बल्लेबाज तिलक वर्मा को भी चलता किया। तिलक की पारी अंत अश्विन ने जबरदस्त कैच लपकते हुए किया। युजी को तीसरी सफलता 17वें ओवर में मिली, जब उन्होंने गेराल्ड कोएत्जी को चहल के हाथों कैच करवाया। चहल ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 11 रन खर्च किए और 3 बड़े विकेट झटके।
चहल ने तोड़ा मलिंगा का रिकॉर्ड

युजवेंद्र चहल ने 20वीं बार आईपीएल में एक मैच में तीन विकेट लेने का कारनामा करके दिखाया है। उन्होंने इस मामले में लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है। मलिंगा ने इस लीग में 19 बार एक मैच में तीन विकेट चटकाए हैं। वहीं, चहल ने जसप्रीत बुमराह की बराबरी भी कर ली है। बुमराह और चहल दोनों ने ही 20 बार एक मुकाबले में तीन विकेट झटके हैं।





