केएल राहुल हाल ही में रविचंद्रन अश्विन के टॉक शो पर चर्चा करने पहुंचे. जानिए उन्होंने एमएस धोनी और विराट कोहली के अलावा किन क्रिकेटरों को क्रिकेट का जेंटलमेन बताया है.
KL Rahul: केएल राहुल का आज जन्मदिन है और वो 32 साल के हो गए हैं. बर्थडे बॉय हाल ही में साथी क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर चर्चा करने पहुंचे. दोनों क्रिकेटरों ने कई विषयों पर बात की और इस टॉक शो पर अश्विन ने राहुल से क्रिकेट के जेंटलमेन के बारे में सवाल किया. उन्होंने एमएस धोनी, केन विलियमसन, विराट कोहली और रोहित शर्मा को क्रिकेट के 4 जेंटलमेन बताया है. राहुल ने यह भी बताया कि रोहित शर्मा का भारतीय टीम पर क्या प्रभाव पड़ा है।
KL Rahul talking about MS Dhoni. 💥pic.twitter.com/9I5XSwDdH0
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) April 19, 2024
केएल राहुल ने कहा, “मेरे लिए एमएस धोनी, केन विलियमसन, रोहित शर्मा और विराट कोहली जेंटलमेन हैं. जेंटलमेन शब्द से मेरा मतलब जो बहुत सब्र से काम ले, मैदान में भावनाओं को खुद पर हावी ना होने दे. मैं एक स्पोर्ट्सपर्सन में इन्हीं चीजों को देखने की कोशिश करता हूं. जो शांत और संयम बरते, वो जानता है कि उसे क्या करना है और उसे जीत या हार की संभावना से डर नहीं लगता. उन्हें बस वो खेल अच्छा लगना चाहिए, जिसे वो खेल रहे हैं. जब जेंटलमेन शब्द मेरे सामने आता है तब मेरे दिमाग में यही सब चीजें आती हैं.”

इस बीच केएल राहुल ने रोहित शर्मा की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि रोहित के आने से ड्रेसिंग रूम का वातावरण अच्छा हो जाता है और वो खिलाड़ियों की बहुत मदद भी करते हैं. वो सुनिश्चित करते हैं कि सब खिलाड़ी टीम में अपनी भूमिका को समझें. खैर एक तरफ राहुल ने रोहित शर्मा की लीडरशिप की तारीफ की है, लेकिन आईपीएल 2024 में उन्हें कप्तानी से हटाया जाना काफी चर्चा का विषय बना हुआ है. नए कप्तान हार्दिक पांड्या की लीडरशिप में MI फिसड्डी साबित हो रही है और अभी तक 6 में से केवल 2 मैच जीत पाई है. वहीं केएल राहुल की बात करें तो उन्हें पूरे क्रिकेट जगत से जन्मदिन की शुभकामनाएं मिल रही हैं.





