‘हनुमान अंश’ की टीम इन दिनों फिल्म की बंपर सफलता से बेहद उत्साहित है। इसी बीच फिल्म की पूरी टीम ने उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर नीम करोली बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई और उनका आशीर्वाद लिया। टीम ने मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ आरती में भी हिस्सा लिया।
फिल्म में नीम करोली बाबा का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या इस दौरान खास तौर पर चर्चा में रहे। उन्होंने बाबा के दरबार में शीश नवाया, हनुमान चालीसा का पाठ किया और ध्यान भी लगाया। उनके कैंची धाम पहुंचने की खबर मिलते ही वहां प्रशंसकों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।
दर्शन के बाद शोभिनव ने कैंची धाम पहुंचने को अपने लिए बेहद खास अनुभव बताया। उन्होंने बाबा की कृपा और आशीर्वाद को अपनी जिंदगी में अहम बताया। फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है, इसलिए टीम के लिए यह दौरा सिर्फ एक सामान्य यात्रा नहीं बल्कि भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण रहा।
इस बीच शोभिनव का एक पुराना वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें वह दर्शकों से फिल्म को पायरेटेड तरीके से न देखने की अपील करते नजर आए थे। उन्होंने पाइरेटेड वर्जन देखने वालों को चेताते हुए कहा कि ऐसा करके लोग किसी और के पाप के भागीदार बन रहे हैं।
गौरतलब है कि करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर हैरान करने वाली सफलता हासिल की है। 60 दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 424.24 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म की सफलता के बाद कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी बढ़ी है। हाल के दिनों में यहां भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली, जिस पर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी है।






