रणबीर कपूर की मां बनने पर भड़के थे लोग, इंदिरा कृष्णन को भेजते थे भद्दे मैसेज, एक्ट्रेस ने खोली पोल!
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायणम्' रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि टीवी और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन उनकी मां माता कौशल्या के किरदार में नजर आ रही हैं। हालांकि, इस किरदार तक पहुंचने का उनका सफर इतना आसान नहीं था। एक्ट्रेस ने हाल ही में खुलासा किया कि जब रणबीर के राम बनने और उनकी मां कौशल्या का किरदार निभाने की खबर सामने आई थी, तब उन्हें लोगों की नाराजगी और घटिया मैसेज का सामना करना पड़ा था।
इंदिरा को भेजे गए थे आपत्तिजनक मैसेज
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इंदिरा कृष्णन ने बताया कि रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में कास्ट किए जाने से कई लोग खुश नहीं थे। इस वजह से उन्हें भी निशाना बनाया गया। एक्ट्रेस को ऐसे मैसेज भेजे गए, जिनमें सवाल किया गया था कि क्या वह एक बीफ खाने वाले अभिनेता की मां का किरदार निभा रही हैं? उस समय सोशल मीडिया पर रणबीर की कास्टिंग को लेकर काफी विवाद चल रहा था।
रणबीर ने नहीं दिया ट्रोलर्स को जवाब
इंदिरा ने बताया कि रणबीर कपूर को भी लगातार ट्रोल किया जा रहा था, लेकिन उन्होंने कभी इस पर तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी। अभिनेता चुपचाप सेट पर आते और अपने काम पर पूरा ध्यान देते थे। एक्ट्रेस के मुताबिक, रणबीर हर सीन के लिए अपना 200 प्रतिशत देते थे। उन्हें लगता है कि उस समय कुछ लोग पैसे लेकर भी अभिनेता के खिलाफ नकारात्मक माहौल बना रहे थे। शायद उन्हें भरोसा था कि फिल्म सफल नहीं होगी।
रणबीर ने ही दिलाया था कौशल्या का किरदार
इंदिरा कृष्णन ने रणबीर की तारीफ करते हुए यह भी बताया कि दोनों पहले फिल्म 'एनिमल' में साथ काम कर चुके हैं। इसी दौरान उनके बीच अच्छी बॉन्डिंग बन गई थी। बाद में रणबीर ने ही निर्देशक नितेश तिवारी के सामने कौशल्या के किरदार के लिए उनके नाम की सिफारिश की थी। आज पर्दे पर मां-बेटे की इस जोड़ी को देखकर दर्शक उनके अभिनय की चर्चा कर रहे हैं।






