‘हनी सिंह के घर पसरा मातम’, सड़क हादसे में हुई लाडले भतीजे की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!
बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सिंगर के भतीजे विदित ओलक की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। इस हादसे में उनके एक दोस्त आरव तलवार ने भी अपनी जान गंवा दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार और करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जालंधर में हुआ दर्दनाक हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा रविवार, 1 नवंबर की सुबह पंजाब के जालंधर में हुआ। बताया जा रहा है कि विदित ओलक और उनके दोस्त आरव तलवार एक बर्थडे पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइंस इलाके के पास फ्लाईओवर पर उनकी वोक्सवैगन कार सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार थे पांच लोग
इस हादसे को लेकर बारादरी पुलिस स्टेशन के एसएचओ साहिल चौधरी ने जानकारी दी कि पुलिस को सुबह करीब 3 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे। हालांकि, हादसे से पहले तीन लोग अपने घर पहुंच चुके थे। कार में विदित और आरव ही मौजूद थे, जिनकी इस भीषण टक्कर में जान चली गई।
हनी सिंह ने जताया गहरा दुख

विदित ओलक पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे थे। इस कंपनी का पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम है। भतीजे को खोने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। उन्होंने लिखा कि यह उनके लिए बेहद दर्दनाक दशक है और भतीजे को खोने का दुख असहनीय है। साथ ही उन्होंने भोलेनाथ से कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
परिजनों ने आगे की कार्रवाई से किया इनकार
रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों के शव अपने कब्जे में लिए थे। हालांकि, दोनों परिवारों ने आगे कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस घटना ने एक बार फिर सभी को झकझोर कर रख दिया है।






