‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी शायद मेकर्स ने भी कल्पना नहीं की होगी। महज करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी यह आध्यात्मिक फिल्म धीमी शुरुआत के बाद जबरदस्त वर्ड ऑफ माउथ के दम पर लगातार दर्शकों को थिएटर तक खींच रही है।
नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म की शुरुआत बेहद साधारण रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन करीब ₹10 लाख का कारोबार किया, लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों की पसंद बनती गई। रिलीज के बाद इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ी और फिल्म ने भारत में ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। अब रिपोर्ट्स में इसकी इंडिया नेट कमाई करीब ₹132 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब ₹156 करोड़ बताया जा रहा है।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में कोई बड़ा बॉलीवुड सुपरस्टार नहीं है। नीम करोली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या इस फिल्म के सबसे ज्यादा फीस पाने वाले कलाकार रहे। उन्हें कथित तौर पर ₹15 लाख फीस मिली। वहीं चंदन के. आनंद को करीब ₹8 लाख और अनिल रस्तोगी को लगभग ₹4 लाख मिले। बाकी कलाकारों की फीस करीब ₹3-8 लाख के बीच बताई गई है।

फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने तो निर्देशन के लिए कोई फीस ही नहीं ली। उन्होंने फिल्म के आध्यात्मिक माहौल को बनाए रखने के लिए सेट पर कई सख्त नियम भी अपनाए और कथित तौर पर साढ़े चार महीने तक फलाहार किया।
यानी करीब ₹2 करोड़ का निवेश और ₹100 करोड़+ की कमाई—‘हनुमान अंश’ ने साबित कर दिया कि बड़े सितारों और भारी-भरकम बजट के बिना भी मजबूत कहानी और दर्शकों का भरोसा बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार कर सकता है।






