बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में अपने मजेदार अंदाज और निजी जिंदगी से जुड़े किस्सों को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही के एक एपिसोड में उन्होंने शादीशुदा पुरुषों को ऐसी सलाह दी, जिसे सुनकर स्टूडियो में मौजूद दर्शक ठहाके लगाने लगे।
शादी की तारीख भूलना पड़ेगा भारी!
दरअसल, शो में एक कंटेस्टेंट ने अपनी पहली मुलाकात और शादी की सालगिरह की तारीख याद होने की बात बताई। कंटेस्टेंट की याददाश्त से प्रभावित होकर अमिताभ ने वहां मौजूद सभी पतियों को खास सलाह दे डाली। उन्होंने कहा कि जिंदगी की बाकी तारीखें भले ही भूल जाएं, लेकिन जिस दिन पत्नी के साथ शादी हुई, उस तारीख को कभी नहीं भूलना चाहिए।

बिग बी ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई पति शादी की तारीख भूल गया या गलत बता दिया, तो “जूता, चप्पल, बेलन सब चल पड़ेगा।” उनकी इस बात पर दर्शकों की हंसी छूट गई।
जया बच्चन को लेकर भी किया खुलासा
अमिताभ ने इसी सिलसिले में पत्नी जया बच्चन के साथ अपनी शादीशुदा जिंदगी की झलक भी दिखाई। उन्होंने बताया कि अगर शूटिंग की वजह से घर पहुंचने में देर होती है, तो वह पहले ही जया को बता देते हैं कि खाने के लिए उनका इंतजार न करें। ऐसा न करने पर उन्हें जया की डांट सुननी पड़ सकती है।

अमिताभ ने यह भी बताया कि घर में घरेलू मदद न होने पर वह सफाई और दूसरे काम खुद संभालते हैं। वहीं, खाना बनाने को लेकर उन्होंने मजेदार अंदाज में बताया कि कई बार वह जया से अपने लिए कुछ बनाने को कहते हैं।
अमिताभ और जया की शादी 3 जून 1973 को हुई थी और दोनों की शादी को पांच दशक से ज्यादा समय हो चुका है। ऐसे में बिग बी की यह ‘मैरेज एडवाइस’ सिर्फ मजाक नहीं, बल्कि उनके लंबे वैवाहिक अनुभव की एक मजेदार झलक भी बन गई।






