‘गदर 2’ की शानदार सफलता के बाद सनी देओल अपने अगले प्रोजेक्ट से भी फैंस को खुश करने की तैयारी में लगे हुए हैं। अभिनेता पिछले कई दिनों से अपनी बहुचर्चित आगामी फिल्म ‘सफर’ को लेकर चर्चा में चल रहे हैं। अब फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट आया है। खबर है कि सनी और उनकी फिल्म की टीम ने भीषण ठंड, बर्फीली ठंड और घने कोहरे में चंडीगढ़ के पास पांच दिनों की आउटडोर शूटिंग पूरी की है।
Latest Updates On Sunny Deol’s film Safar: ‘गदर 2’ अभिनेता के परिवार के लिए साल 2023 बेहद खास रहा है। देओल परिवार के कामयाबी की शुरुआत सनी देओल की ‘गदर 2’ से हुई थी, जिसने सिनेमाघरों में फैंस के बीच खूब धमाल मचाया था और कमाई के भी सारे रिकॉर्ड तोड़े थे। इसके बाद पिता धर्मेंद्र ने भी ‘रॉकी और रानी की प्रेमकहानी’ में अपनी दमदार परफॉर्मेंस से फैंस को कायल कर दिया था। साल के अंत में बॉबी देओल ने ‘एनिमल’ कर के बची कुची कसर भी पूरी कर दी। अब देओल परिवार के लिए नए साल की शुरुआत फिर से सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सफर’ से होने जा रही है।
सफर ने पूरी की आउटडोर शूटिंग

सनी की फिल्म ‘सफर’ की टीम ने कड़ाके की ठंड, बर्फीली ठंडी हवाओं और घने कोहरे में चंडीगढ़ के पास पांच दिनों की आउटडोर शूटिंग की और उसके बाद मनाली की घनी बर्फ में माइनस 20 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान पर सफलतापूर्वक चार दिनों की शूटिंग की और पैक अप की घोषणा की है।
ये सितारे आएंगे नजर
फिल्म ‘सफर’ में सनी देओल और सिमरन बग्गा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म बेहद प्रशंसित मराठी फीचर फिल्म प्रवास का रूपांतरण है, जिसका निर्देशन शशांक उदापुरकर द्वारा किया जा रहा है। इसे प्रवास के निर्माता ओम छंगाणी फिल्म्स के ओम छंगाणी द्वारा इकोलोन प्रोडक्शंस के विशाल राणा के सहयोग से निर्मित किया गया है।





