
Sam Bahadur: ‘जरा हटके जरा बचके’ के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद विक्की कौशल अपनी आगामी फिल्म ‘सैम बहादुर’ के साथ सिनेमाघरों में लौटने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म में विक्की ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद एक बार फिर भारतीय सेना की वर्दी पहने दुश्मनों के छक्के छुड़ाने के लिए पूरी तरह से तैयारी कर चुके हैं। जिस दिन से मेघना गुलजार की इस फिल्म का एलान हुआ था, उसी दिन से दर्शकों के बीच इसकी झलक पाने का उत्साह देखने को मिल रहा था। अब मेकर्स ने फैंस के इंतजार को खत्म करते हुए फिल्म का जबर्दस्त ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसमें विक्की का अभिनय देख सभी के मन में एक बार फिर जोश भर गया है।
विक्की कौशल, मेघना गुलजार की ‘सैम बहादुर’ में भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 13 अक्तूबर को एक भव्य कार्यक्रम में फिल्म का टीजर लॉन्च करने के बाद आज मेकर्स ने ‘सैम बहादुर’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है।
ट्रेलर लॉन्च करने के लिए फिल्म की टीम ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को चुना। साल 2019 में रिलीज हुई ‘उरी’ की तरह ही एक बार फिर विक्की कौशल ने भारतीय सेना के जवान के रूप में अपने अभिनय से सभी का दिल जीत लिया है।
साल 1971 के दौरान भारत पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म में भारत के फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के भारत के लिए जुनून और जज्बे को दिखाया गया है। 40 साल तक वर्दी पहन देश की सेवा करने वाले मानेकशॉ ने कैसे पाकिस्तान को धूल चटाई इसकी झलक ट्रेलर में साफ दिखाई पड़ती है, जो सभी में फिल्म को देखने का उत्साह पैदा करने के लिए काफी है। इसके साथ ही विक्की कौशल ने कुछ शानदार डायलॉग्स भी सभी को तालियां बजाने पर मजबूर करते हैं। कुल मिलाकर ट्रेलर शानदार है और विक्की कौशल का अभिनय जानदार।
विक्की कौशल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, ‘जिंदगी उनकी, इतिहास हमारा।’ ट्रेलर की शुरुआत सैम बहादुर उर्फ विक्की कौशल द्वारा अपने सैनिकों के लिए एक प्रेरक संदेश साझा करने से होती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे सैम बहादुर ने नेतृत्व किया और 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत को जीत हासिल करने में मदद की। ट्रेलर में विक्की के साथ ही पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रूप में फातिमा सना शेख और सैम की पत्नी के रूप सान्या मल्होत्रा की भी झलक दिखाई जाती है। दोनों ही अपने किरदारों को पर्दे पर उकेरने की पूरी कोशिश करती नजर आ रही हैं।
फिल्म के बारे में
बता दें, सेना में सैम मानेकशॉ का करियर चार दशकों तक का रहा, जिसमें उन्होंने पांच युद्ध देखे। वह पहले भारतीय सेना अधिकारी थे जिन्हें फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया था। 1971 के भारत-पाक युद्ध में उनकी सैन्य जीत के कारण बांग्लादेश का निर्माण हुआ था। ‘सैम बहादुर’ में नीरज काबी, एडवर्ड सोनेनब्लिक, रिचर्ड भक्ति क्लेन, साकिब अयूब और कृष्ण कांत सिंह बुंदेला भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। मेघना गुलजार निर्देशित यह फिल्म 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।




