Amitabh Bachchan: सोनी टेलीविजन चैनल पर बार बार दिखाए जा रहे नए धारावाहिक ‘श्रीमद् रामायण’ के प्रोमो को जिस तरह से दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, उससे चैनल के संचालकों का उत्साह दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। ये धारावाहिक इस चैनल पर चल रहे गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का फिनाले होने के तुरंत बाद इसी समय पर शुरू होगा। धारावाहिक ‘श्रीमद् रामायण’ के प्रमुख चरित्रों में श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, रावण, दशरथ और कैकेयी के चरित्र निभाने वाले कलाकारों का चयन हो चुका है और इनकी पहली झलक दिखाने की जिम्मेदारी चैनल ने अमिताभ बच्चन को ही दी है।
धारावाहिक ‘श्रीमद् रामायाण’ के बारे में सोनी चैनल ने अपने दर्शकों को करीब चार महीने पहले ही सूचना दे दी थी कि ऐसा कोई धारावाहिक चैनल पर आने वाला है। धारावाहिक के निर्माता सिद्धार्थ कुमार तिवारी ने तब इसका सिर्फ एक जेनरिक प्रोमो ही तैयार किया था, जिसमें दीपमालाओं से सुसज्जित अयोध्या नजर आती है और फिर क्षितिज पर दिखते राम मंदिर के ऊपर श्री राम की आकृति सी बनती दिखती है।

इसके बाद आए धारावाहिक के दूसरे प्रोमो में शबरी और भरत के चरित्रों की झलक भी दिखाई जा चुकी है। शबरी जहां अपने प्रभु को फल खिलाने की राह तक रही है। वहीं भरत राम पादुका को सिर से लगाए अपने बड़े भाई का इंतजार करते दिख रहे हैं। इन प्रोमो में अब तक किसी प्रायोजक का नाम शामिल नहीं किया गया है। सूत्र बताते हैं कि चैनल ने इस धारावाहिक के प्रस्तुतकर्ताओं के लिए देश की कुछ बड़ी उत्पाद कंपनियों के नाम छांट लिए हैं और जैसे ही धारावाहिक के प्रसारण की तिथि घोषित की जाएगी, इनके प्रायोजकों के नाम भी साथ में आने लगेंगे।

निर्माता सिद्धार्थ कुमार तिवारी की छवि स्पेशल इफेक्ट्स में पारंगत धारावाहिक निर्माता की रही है। हालांकि, राम कथा पर ही आधारित उनका पिछला धारावाहिक ‘राम सिया के लव कुश’ को दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया था। उनके एक और धारावाहिक ‘राधा कृष्ण’ को भी छोटे परदे पर मिश्रित प्रतिक्रिया ही मिली। इसके अलावा इसी साल बड़े परदे पर रिलीज हुई राम कथा आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ के अनुभव को लेकर भी दर्शक काफी सशंकित हैं। धारावाहिक ‘श्रीमद् रामायण’ में राम की भूमिका के लिए सुयज रेयु और सीता की भूमिका के लिए प्राची बंसल का चयन किया गया है। अभिनेता निकितिन धीर इस धारावाहिक में रावण बनेंगे।
सूत्र बताते हैं कि धारावाहिक ‘श्रीमद् रामायण’ का प्रसारण अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के आसपास करने की योजना चैनल में जुलाई-अगस्त माह में ही बन चुकी थी। अब इस कार्यक्रम के मुख्य कलाकारों की पहली झलक दिखाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। अमिताभ बच्चन के गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मौजूदा सीजन का फिनाले दिसंबर महीने के अंत तक होगा और फिनाले से ठीक पहले अमिताभ बच्चन ही ‘श्रीमद् रामायण’ के कलाकारों का परिचय दर्शकों से अपने शो में कराएंगे।





