Stree 2: साल 2018 में रिलीज हुई कॉमेडी हॉरर फिल्म स्त्री को आपको याद ही होगी. हालांकि फिल्म की एडिंग काफी सस्पेंसफुल थी. ऐसे में फैंस फिल्म के अगले सीक्वेल का बेहद बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. वहीं स्त्री 2 की शूटिंग भी जारी है. स्त्री 2 (Stree 2) के साथ फिल्म की शानदार स्टार कास्ट राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी फिर से बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले हैं. वहीं मशहूर अदाकार तमन्ना भाटिया भी फिल्म में ठुमके लगाती दिखाई देंगी.

डांस नम्बर में तमन्ना की एंट्री
फिल्म स्त्री का ब्लॉक बस्टर गाना कमरिया आज भी लोगों को थिरकने पर मजबूर कर देता है. इस गाने में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव के मजेदार डांस मूव्स देखने को मिले थे. वहीं स्त्री 2 में भी एक ऐसा ही डांस नम्बर शामिल होने जा रहा है. जिसमें तमन्ना भाटिया कमर बलखाती नजर आएंगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तमन्ना भाटिया स्त्री 2 के एक गाने में डांस करेंगी. यह एक रोमांचक डांस नंबर है जो ‘कमरिया’ की तरह ही आकर्षक होगा. इस गाने की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है.

राजकुमार राव के साथ शेयर करेंगी स्क्रीन
तमन्ना भाटिया बॉलीवुड से लेकर टॉलीवुड की कई फिल्मों में हिट डांस नम्बर कर चुकी हैं. उन्हें हाल ही में फिल्म जेलर के गाने में रजनीकांत के साथ ठुमके लगाते हुए देखा गया था. ऐसे में स्त्री 2 के मेकर्स ने तमन्ना को गाने में लेना बेहतर समझा है. खबरों की मानें तो इस गाने में राजकुमार राव भी नजर आएंगे. ऐसे में ये पहली बार होगा जब तमन्ना और राजकुमार राव साथ में स्क्रीन शेयर करेंगे. हालांकि फिल्म के मेकर्स या तमन्ना ने अभी तक इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

स्त्री 2 की रिलीज डेट
राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर फिल्म स्त्री को दर्शकों का काफी प्यार मिला था. फिल्म के कई डॉयलॉग्स जैसे – ओ स्त्री कल आना और बिक्की प्लीज रातों रात वायरल हो गए थे. ऐसे में स्त्री 2 से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं. वहीं अमर कौशिक के निर्देशन में बनने वाली फिल्म स्त्री 2 की शूटिंग चंदेरी में चल रही है. ये फिल्म अगले साल 30 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.





