Shershaah: कारगिल युद्ध के हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा उर्फ शेरशाह (Shershaah) की मां कमलकांत ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है. 77 साल की उम्र में बुधवार को उन्होंने आखिरी सांस ली. शेरशाह फिल्म के बाद कैप्टन विक्रम बत्रा के नाम से हर कोई वाकिफ है. वहीं कैप्टन बत्रा की मां के निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने भी शोक व्यक्त किया है.
एक्स प्लेटफॉर्म पर ट्वीट पोस्ट करते हुए हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह ने लिखा- “शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा जी की माता श्रीमती कमलकांत बत्रा जी के निधन की दुःखद सूचना मिली। हम ईश्वर से प्राथना करते हैं कि माता जी को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को आपार दुःख सहने की क्षमता दें. ऊँ शांति!”

बुधवार की सुबह कमलकांत की अचानक हुई मौत की खबर से कई लोग स्तब्ध हैं. शेरशाह फिल्म के प्रोड्यूसर शब्बीर बॉक्सवाला भी सदमें में हैं. इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि, “मिसेज बत्रा के निधन से गहरी क्षति पहुंची है. विक्रम के बड़े भाई विशाल को इस दुःख के क्षण में मजबूत रहने की कामना करता हूं.”
बता दें कि, विक्रम बत्रा की मां कमलकांत बत्रा आम आदमी पार्टी की नेता थीं. 2014 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से चुनाव लड़ा था. हालांकि कुछ महीनों बाद उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था.
कैप्टन विक्रम बत्रा की बात करें, उनका नाम देश के उन शहीदों में शुमार हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए महज 24 साल की उम्र में हंसते-हंसते जान गवां दी थी. 1998 में कारगिल युद्ध के दौरान विक्रम बत्रा सीमा पर शहीद हो गए थे. उनकी कहानी पर फिल्म शेरशाह बनी है. इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा अडवाणी ने लीड रोल निभाया था. वहीं फिल्म की कहानी और गानों को लोगों ने काफी पसंद किया था.





