Shahid Kapoor: अभिनेता शाहिद कपूर को आखिरी बार फिल्म ‘ब्लडी डैडी’ और ‘फर्जी’ में देखा गया था। शाहिद को इन फिल्मों में उनके किरदार को लेकर खूब सराहना मिली। इन दिनों उनके पास अभिनेत्री कृति सेनन के साथ फिल्म है, जिसका अभी नाम तय नहीं हुआ है। इसके अलावा अब खबर आ रही है कि शाहिद ने अपनी अगली फिल्म के लिए वाशु भगनानी के साथ हाथ मिलाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म में वे ‘अश्वत्थामा’ का किरदार निभाते नजर आएंगे।
‘अश्वत्थामा’ के किरदार में आएंगे नजर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्माता वाशु भगनानी की आगामी फिल्म महाभारत पर आधारित है। बताया जा रहा है कि शाहिद कपूर ने फिल्म साइन कर ली है। वे इस फिल्म में गुरु द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वत्थामा की भूमिका में नजर आएंगे। वाशु भगनानी के पूजा एंटरटेनमेंट ने इस फिल्म की घोषणा वर्ष 2021 में की थी।
2024 में फिल्म की शूटिंग करेंगे शाहिद

कहा जा रहा है कि फिल्ममेकर्स इस फिल्म को इस तरह से फिल्माने की योजना बना रहे हैं, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा हो। खबर के अनुसार, शाहिद 2024 में फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। निर्माताओं की योजना इस फिल्म को पांच भाषाओं में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज करने की है।
शाहिद का वर्कफ्रंट
शाहिद कपूर के अपकमिंग प्रोजेक्ट की बात करें तो जल्द ही वे अनटाइटल्ड रोमांटिक फिल्म में कृति सेनन के साथ दिखाई देंगे। यह फिल्म 9 फरवरी, 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म में शाहिद और कृति के अलावा दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भी नजर आएंगे। इसके अलावा शाहिद फिल्म ‘देवा’ में नजर आएंगे। उनकी यह फिल्म साल 2024 में दशहरे पर रिलीज होगी। ‘देवा’ में अभिनेता के साथ पूजा हेगड़े अहम किरदार में नजर आने वाली हैं।





