साई पल्लवी पर उठे सवालों के बीच धनुष ने दिया साथ, बोले- उनसे बेहतर सीता कोई नहीं बन सकता था!
‘रामायणम्’ में मां सीता का किरदार निभाने वाली साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म में उनके लुक और कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कुछ यूजर्स ने उनके घुंघराले बालों और लुक पर सवाल उठाए, तो कुछ ने उनकी तुलना रामानंद सागर की ‘रामायण’ में सीता बनीं दीपिका चिखलिया से की। इस बीच अब साउथ सुपरस्टार धनुष ने साई पल्लवी का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने एक्ट्रेस की तारीफ में ऐसी बात कही है, जो अब चर्चा का विषय बन गई है।
धनुष ने साई पल्लवी की जमकर की तारीफ
दरअसल, धनुष और साई पल्लवी अपनी आने वाली फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1- उधिरम’ के प्री-रिलीज इवेंट में साथ नजर आए। इसी दौरान धनुष ने ‘रामायणम्’ में साई के सीता बनने को लेकर हो रही चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि आखिर साई को लेकर इतनी बातें क्यों हो रही हैं। धनुष के मुताबिक, अगर पूरे भारत में मां सीता का किरदार निभाने के लिए तलाश की जाती, तब भी शायद कोई दूसरी अभिनेत्री इस भूमिका के साथ उतना न्याय नहीं कर पाती, जितना साई ने किया है।
धनुष ने साई की खूबसूरती, अभिनय और भक्ति भाव की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि शूटिंग के ब्रेक में भी साई अक्सर प्रार्थना करती थीं। उनके मुताबिक, सीता जैसी चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाना आसान नहीं था, लेकिन साई ने इसे साहस और समर्पण से निभाया।
नौ साल बाद फिर साथ आए धनुष और साई
धनुष ने बताया कि दोनों ने पहली बार ‘मारी 2’ में साथ काम किया था। उस समय साई कैमरे के पीछे शर्मीली और कम बोलने वाली थीं। करीब नौ साल बाद ‘ओम’ में दोबारा काम करते हुए उन्होंने साई के आत्मविश्वास, भाव-भंगिमाओं और अभिनय में बदलाव देखा।
बता दें कि ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं।






