
रणबीर कपूर की छवि इंडस्ट्री में साफ-सुथरी रही है। अपने सौम्य व्यवहार को लेकर वह जाने जाते रहे हैं। इन दिनों रणबीर अपनी आगामी फिल्म ‘एनिमल’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में इस फिल्म का टीजर जारी हुआ। मगर, इसके चंद दिनों बाद ही रणबीर अब दूसरी वजह से चर्चा में हैं। वजह है प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की ओर से रणबीर कपूर को भेजा गया समन। अभिनेता को ‘महादेव बेटिंग एप’ मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया। हालांकि, उन्होंने ईडी से दो सप्ताह का समय मांगा है। आखिर, इस मामले में रणबीर कपूर का नाम क्यों आया है? और उनकी क्या भूमिका है और क्या आरोप हैं? आइए जानते हैं।
सबसे पहले जान लेते हैं कि ‘महादेव बेटिंग एप’ मामला आखिर क्या है?
अब तक सामने आईं खबरों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सौरभ चंद्राकर ने दोस्त रवि उप्पल के साथ मिलकर ‘महादेव बुक एप’ लॉन्च किया। कथित रूप से यह एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है। सौरभ चंद्राकर इसका प्रमोटर है। ईडी के मुताबिक, 2019 में सौरभ और रवि ने अपना पूरा कारोबार दुबई से चलाना शुरू किया। इस एप का सालाना कारोबार 20 हजार करोड़ से ज्यादा का बताया जा रहा है। इसी एप से जुड़े मामले में रणबीर कपूर का नाम आया है।
तो रणबीर कपूर कैसे इस मामले में फंसते दिख रहे हैं?
इसके लिए हमें थोड़ा पीछे जाना होगा। बात फरवरी की है। तब ‘महादेव बुक एप’ के प्रमोटर कहे जाने वाले सौरभ चंद्राकर की आलीशान शादी दुबई में हुई। इस शादी में पानी की तरह पैसा बहाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 200 करोड़ रुपये के खर्च में हुई इस शादी में फिल्मी सितारों का मजमा लगा था। कुछ ने परफॉर्म भी किया था।
उनमें एक नाम रणबीर कपूर का भी बताया जा रहा है। इस शादी में शामिल हुईं बॉलीवुड हस्तियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ की तलवार लटक रही है। आरोप है कि इन स्टार्स और पूरी शादी पर जो 200 करोड़ रुपये खर्च हुए, उसका भुगतान हवाला के जरिए किया गया था। रणबीर कपूर के अलावा कपिल शर्मा, हुमा कुरैशी, श्रद्धा कपूर और हिना खान सहित 17 मशहूर कलाकार ईडी के रडार पर हैं।
तो रणबीर कपूर पर आखिर आरोप क्या लगे हैं?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी रणबीर कपूर से फरवरी 2023 में दुबई में हुई शादी में उनके परफॉर्मेंस के लिए नहीं, बल्कि ‘फेयरप्ले’ नाम के ऑनलाइन बेटिंग एप के लिए किए गए कमर्शियल एडवरटाइजमेंट के सिलसिले में पूछताछ करना चाहती है। दरअसल, रणबीर कपूर व अन्य कई सितारों ने फेयरप्ले एप के लिए कमर्शियल एड्स किए थे।
इस एड्स के लिए उनका एग्रीमेंट किस कंपनी के साथ हुआ, उसकी फीस इन्हें कैश या चेक किस मोड से दी गई, इनकी चंद्राकर, उप्पल या एप प्रबंधन से जुड़े किस शख्स से कब मुलाकात कहां हुई, जैसे तमाम सवाल ईडी सितारों से जानना चाहती है।
इस मामले में क्या है रणबीर की भूमिका?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रणबीर कपूर व अन्य फिल्मी हस्तियां ‘महादेव एप’ के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल की ही दूसरी कंपनी या एप के लिए प्रमोशन करती नजर आ रही हैं।
यानी सौरभ चंद्राकर की दूसरी कंपनी या एप के प्रमोशन में रणबीर कपूर की भूमिका की संभावना जताई जा रही है। अभिनेता पर महादेव एप को ऑनलाइन प्रमोट करने के लिए प्रमोटर्स से पैसे लेने का आरोप है। हालांकि, सच्चाई तो ईडी की जांच-पड़ताल के बाद साफ होगी।
कहीं फिल्मों के प्रमोशन पर तो नहीं पड़ेगा असर?
रणबीर कपूर के पास कई अहम प्रोजेक्ट हैं। एक तरफ उनकी फिल्म ‘एनिमल’ रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का मुकाबला विक्की कौशल की ‘सैम बहादुर’ से होगा। दोनों फिल्में पहली दिसंबर को रिलीज होंगी। लिहाजा, अक्तूबर और नवंबर फिल्म के प्रमोशन के लिहाज से काफी अहम हैं। अब ऐसे में ‘महादेव एप’ मामले में अभिनेता से लंबी पूछताछ चलती है तो फिल्म का प्रमोशन प्रभावित हो सकता है।
‘एनिमल’ के अलावा रणबीर कपूर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ की वजह से भी चर्चा में हैं। कहा जा रहा है कि इस फिल्म में वह भगवान श्रीराम के रोल में नजर आ सकते हैं। अगर, ‘महादेव एप’ मामले में अभिनेता पर किसी किस्म के आरोप पाए गए तो उनकी छवि धूमिल होगी। इसके अलावा रणबीर कपूर फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के दूसरे पार्ट को लेकर भी चर्चा में हैं, उस पर भी असर पड़ेगा। हालांकि, क्या होगा और क्या नहीं, यह तो आने वाले वक्त में ही साफ हो पाएगा।




