Raj Kundra: शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा काफी समय तक मास्क के पीछे छिपने के बाद अब आखिरकार बड़े पर्दे पर पहुंच गए हैं। राज कुंद्रा इन दिनों अपनी हाल ही में, रिलीज हुई फिल्म ‘यूटी 69’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेता की फिल्म को समीक्षकों से लेकर दर्शकों तक मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि, फिल्म के प्रचार के दौरान राज कुंद्रा कई ऐसे विवादित बयान दे रहे हैं, जिससे वह बार-बार मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं।

पोर्नोग्राफी मामले में जेल में कठिन समय का सामना करने के बाद शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने अपनी खुद की बायोपिक में अभिनय किया। जेल से निकलने के बाद स्टार शहर में मास्क पहनकर घूम रहे थे, लेकिन फिल्म के ट्रेलर रिलीज के बाद उन्होंने इस मास्क को भी त्याग दिया और दर्शकों को अपने असली चेहरे से रूबरू कराया था। अब अभिनेता का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड के कुछ कलाकारों पर टिप्पणी की है।
किन एक्टर्स पर लगाया इल्जाम

अपने एक इंटरव्यू के दौरान राज ने कुछ बॉलीवुड अभिनेताओं की उनकी फिल्मों में की गई परफॉर्मेंस को ‘ओवरएक्टिंग’ करार दिया है। अपनी इस लिस्ट में राज कुंद्रा ने रणवीर सिंह और कार्तिक आर्यन को शामिल किया है। राज कुंद्रा ने कहा कि उन्होंने ‘सर्कस’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ में रणवीर सिंह और कार्तिक आर्यन की ओवर एक्टिंग देखी है। दोनों ने हद से ज्यादा ओवर एक्टिंग की है।
फेवरेट एक्ट्रेस का बताया नाम
इसी इंटरव्यू में जब उनसे उनकी पसंदीदा हीरोइन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने दीपिका पादुकोण का नाम लिया है। इसके साथ ही उन्होंने ‘कॉफी विद करण 8’ पर टिप्पणी करते हुए बताया कि इस शो पर किसी का भला नहीं हो सकता है।
बता दें कि इस बीच ‘UT69’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने करने के लिए संघर्ष कर रहा है। फिल्म किसी तरह एक करोड़ और उससे कुछ ज्यादा की कमाई करने में कामयाब रही है।





