Prabhas: प्रभास की सालार सिनेमाघरों में जल्द ही दस्तक देने वाली है। फिल्म को लेकर केवल देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी लोगों को बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। फिल्म का निर्देशन केजीएफ फेम डायरेक्टर प्रशांत नील ने किया है। बड़े पर्दे पर इसका मुकाबला शाहरुख खान की डंकी से है। फैंस उम्मीद जता रहे हैं कि प्रभास इस फिल्म से एक बार फिर जबर्दस्त वापसी करने जा रहे हैं। सालार की रिलीज से पहले आज हम आपको कुछ ऐसी फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें वे रिजेक्ट कर चुके हैं।
ओक्काडू

महेश बाबू के करियर की पहली बड़ी ब्लॉकबस्टर ओक्काडू 2003 में रिलीज हुई थी। इस रोमांटिक एक्शन फिल्म का निर्देशन गुणशेखर ने किया था। महेश की सबसे अच्छी फिल्मों में इसे शामिल किया जाता है। हालांकि, सबसे पहले इसे प्रभास को ऑफर किया गया था, लेकिन अभिनेता ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।
बृंदावनम
बृंदावनम साउथ कि सबसे प्रसिद्ध पारिवारिक मनोरंजक फिल्मों में से एक है। मीडिया रिपोर्ट्स से मुताबिक जूनियर एनटीआर से पहले यह रोल प्रभास को ऑफर किया गया था, हालांकि, बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी और उनकी जगह जूनियर एनटीआर को यह फिल्म मिल गई। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म जबर्दस्त सफलता हासिल करने में कामयाब रही थी।
सिम्हाद्री

साउथ की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में सिम्हाद्री का नाम जरूर शामिल किया जाता है। फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली ने किया था। इस फिल्म से जूनियर एनटीआर की फैन फॉलोइंग में जबर्दस्त इजाफा देखने को मिला था, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी फिल्म के लिए पहली पसंद प्रभास थे। हालांकि, मेकर्स और अभिनेता के बीच बात नहीं बन सकी। बता दें कि बाद में प्रभास ने राजामौली के साथ बाहुबली में काम करके इतिहास रच दिया था।
किक

रवि तेजा साउथ से बड़े कलाकारों में से एक हैं। उनकी एक्टिंग लोगों को काफी ज्यादा पसंद आती है। उनकी सुपरहिट फिल्मों में किक का नाम भी जरूर शामिल किया जाता है। यह फिल्म बड़े पर्दे पर काफी सफल रही थी। हिंदी में भी इस फिल्म का रीमेक बन चुका है। हालांकि, रवि से पहले इस किरदार को निभाने का प्रस्ताव प्रभास को दिया गया था।





