Bobby Deol: वेब सीरीज ‘आश्रम’, ‘क्लास ऑफ 83’ और ओटीटी ओरिजिनल फिल्म ‘लव हॉस्टल’ से सुर्खियों में लौटे अभिनेता बॉबी देओल की एक और ओटीटी ओरिजिनल फिल्म ‘पेंट हाउस’ को रिलीज करने से नेटफ्लिक्स ने मना कर दिया है। बॉबी की पिछली फिल्म ‘लव हॉस्टल’ जी5 पर रिलीज हुई थी। फिल्म ‘पेंटहाउस’ का निर्देशन अब्बास मस्तान ने किया है और चर्चाओं की मानें तो नेटफ्लिक्स को ये फिल्म वैश्विक स्तर की नहीं लगी, जिसके बाद उसने इसे रिलीज करने से इंकार कर दिया।
क्या है माजरा

नेटफ्लिक्स के शेयर बीते साल बहुत तेजी से गिरे थे, जिसके बाद कंपनी ने अपनी मौजूदा योजनाओं की फिर से पड़ताल शुरू की। ओटीटी ने कुछ ऐसी फिल्मों को बनाने की अपनी मंजूरी को वापस लेने फैसला किया जो उनके वैश्विक मानकों को पूरा नहीं करती थीं। इन प्रोजेक्ट में दिवाकर बनर्जी की फिल्म ‘टीज’, अनुराग कश्यप की ‘मैक्सिमम सिटी’ की हिंदी रीमेक और ‘बाहुबली’ सीरीज की फिल्मों से पहले की कहानी एक वेब सीरीज भी शामिल है। यही नहीं नेटफ्लिक्स ने जिन योजनाओं को मंजूरी भी दी, उनके बजट भी काफी कम कर दिए गए।

पहले की सूचनाओं के मुताबिक फिल्म ‘पेंटहाउस’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है इस सीरीज की कहानी छह किरदारों के इर्द गिर्द घूमती है। फिल्म बनकर तैयार हो चुकी है और नेटफ्लिक्स की टीम ने जब ये फिल्म देखी तो उन्हें इसमें ऐसा कुछ नजर नहीं आया जो नेटफ्लिक्स के वैश्विक ग्राहकों को अपनी तरफ खींच सके। फिल्म में बॉबी देओल का सबसे अहम किरदार है। उनकी एक और फिल्म ‘एनिमल’ अगले महीने रिलीज होने जा रही है।
क्या है डायरेक्टर अब्बास मुस्तान का कहना
इस बारे में निर्देशक जोड़ी अब्बास मस्तान का कहना है, ‘हमने फिल्म पूरी करके इसके निर्माताओं को सौंप दी है। अब ये उन पर निर्भर करता है कि वे इसे किस ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज करते हैं। हमने भी सुना है कि फिल्म के निर्माताओं ने नेटफ्लिक्स से इसके अधिकार वापस ले लिए हैं और उनकी जियो सिनेमा से बातचीत चल रही है।’
फिल्म के बारे में

फिल्म ‘पेंटहाउस’ की कहानी में असल ट्विस्ट तब आता है जब एक औरत की अचानक से लाश मिलती है जिसके बाद फिल्म के ये सभी छह किरदार एक दूसरे पर शक करने लगते हैं। इस फिल्म में बॉबी देओल, अर्जुन रामपाल, शरमन जोशी, मौनी रॉय, वलुश्चा डिसूजा और मंजरी फडनीस की मुख्य भूमिकाएं हैं। इस बारे में नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके आधिकारिक वक्तव्यों की अभी प्रतीक्षा है।





