War 2: YRF स्पाई यूनिवर्स पिछले एक दशक से बड़े पर्दे पर राज कर रहा है. एक था टाइगर से लेकर टाइगर जिंदा है, पठान, वॉर और टाइगर 3 तक स्पाई यूनिवर्स की पांचों फिल्मों को दर्शकों का काफी प्यार मिला है. वहीं आदित्य चोपड़ा ने की जुगलबंदी का नया सिलसिला शुरु कर दिया है. शाहरुख खान की फिल्म पठान में टाइगर यानी सलमान की एंट्री देखने को मिली थी. तो वहीं टाइगर 3 में शाहरुख और ऋतिक रोशन का कैमियो मौजूद था. जिसके चलते वॉर 2 (War 2) में भी लोग टाइगर या पठान के कैमियों की आस लगा रहे थे. मगर फैंस की इन उम्मीदों पर पानी फिर सकता है. ऋतिक रोशन और जूनियर NTR की इस फिल्म में सलमान और शाहरुख की एंट्री नहीं होने वाली है.

आदित्य चोपड़ा को मिली सलाह
खबरों की मानें तो आदित्य चोपड़ा को फिल्म इंडस्ट्री से कुछ रिव्यू मिले हैं. जिसके अनुसार फिल्म में जबरदस्ती कैमियो डालना मेकर्स को भारी पड़ सकता है. हर फिल्म के साथ तीनों जासूसों – टाइगर, पठान और कबीर को सिंगल स्क्रीन पर लाना मुनासिब नहीं है. ऐसे में आदित्य चोपड़ा के अनुसार वो फिल्म में कैमियो तभी डालेंगे जब कहानी में इसकी जरुरत महसूस होगी. वरना इससे फिल्म को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है.

आदित्य ने बदला फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक YRF स्पाई यूनिवर्स के प्रोड्यूसर रहे आदित्य चोपड़ा शुरुआत में पठान और टाइगर 3 की तरह वॉर 2 में भी टाइगर और पठान का कैमियो करवाना चाहते थे. मगर अब उन्होंने अपना फैसला बदल लिया है. इस फिल्म में सिर्फ ऋतिक रोशन और जूनियर NTR ही नजर आएंगे. वॉर 2 की कहानी में टाइगर या पठान की कोई एंट्री नहीं होगी. वहीं आयान मुखर्जी के निर्देशन में बनने वाली इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में कैमियो के लिए कोई जगह नहीं होगी.

कब रिलीज होगी वॉर 2
YRF स्पाई यूनिवर्स की छठीं फिल्म वॉर 2 का दर्शकों को बेहद बेसब्री से इंतजार है. इस फिल्म में ऋतिक रोशन और जूनियर NTR की जोड़ी पर्दे पर धूम मचाती नजर आएगी. वहीं वॉर 2 के साथ साउथ सुपरस्टार जूनियर NTR भी YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा बन जाएंगे. आयान मुखर्जी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में कियारा अडवाणी लीड रोल निभाएंगी. वहीं फिल्म का प्रोडक्शन जारी है. ऐसे में फिल्म को 2025 के स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज किया जाएगा.





