मुश्ताक खान के निधन के बाद उनके बेटे मोहसिन खान ने अभिनेता के आखिरी दिनों और काम के प्रति उनके जज्बे को लेकर कई अहम बातें साझा की हैं। 75 वर्षीय मुश्ताक खान का 24 सितंबर को मुंबई के नानावटी अस्पताल में निधन हुआ। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।
4 सितंबर तक की थी शूटिंग
मोहसिन ने बताया कि बीमारी के बावजूद उनके पिता काम को लेकर काफी सक्रिय थे। उन्होंने 4 सितंबर को मुंबई के मड आइलैंड में अपनी आखिरी शूटिंग की थी। यह शूटिंग सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा के बेटे टाइगर यानी अबीर सिंह की डेब्यू फिल्म ‘टार्जन’ के लिए थी। इस दौरान उन्होंने रजत बेदी, चंकी पांडे और राजपाल यादव के साथ काम किया था।
आखिरी 10 दिनों में बिगड़ी हालत
मोहसिन के मुताबिक, मुश्ताक खान करीब एक साल से बीमारी का इलाज करा रहे थे और शुरुआत में इलाज का असर भी दिखाई दे रहा था। हालांकि, निधन से पहले के करीब 10 दिनों में उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। मोहसिन ने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि वह ठीक होकर वापस आएंगे, लेकिन आखिरकार हालात काबू से बाहर हो गए।
‘मुस्कुराते हुए हुआ अंत’
अंतिम दिनों को याद करते हुए मोहसिन ने कहा कि अस्पताल में रहने के बावजूद उनके पिता मुस्कुराते रहे। उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में कैंसर शुरुआती स्टेज में था, लेकिन बाद में बीमारी तेजी से बढ़ी और आक्रामक हो गई। परिवार को जब तक इसकी गंभीरता का पता चला, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
काम की विरासत छोड़ गए मुश्ताक
मोहसिन के अनुसार, मुश्ताक खान ने अपने लंबे करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों, ओटीटी प्रोजेक्ट्स और कई टीवी सीरियल्स में काम किया। ‘वेलकम’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों को याद हैं। उनके बेटे ने फैंस से पिता के निधन पर सिर्फ शोक मनाने के बजाय उनके काम और यादों को सेलिब्रेट करने की अपील भी की।






