Kangana Ranaut: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत अक्सर सुर्खियों में छाई रहती हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘तेजस’ रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। अब अभिनेत्री अपनी आगामी फिल्म ‘इमरजेंसी’ को लेकर चर्चा में चल रही हैं। इस बीच कंगना एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गई हैं। कंगना ने हाल ही में, 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ने की खबरों पर प्रतिक्रिया दी है। तो चलिए जानते हैं कि अभिनेत्री ने क्या कहा है।
कंगना का रिएक्शन

पिछले दिनों एक खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि कंगना राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और चंडीगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक दावेदार के रूप में लड़ेंगी। साथ ही यह भी कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में अभिनेत्री-राजनेता किरण खेर की जगह लेंगी।
अब हाल ही में, कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वायरल खबर पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह झूठ है। उन्होंने एक हिंदी समाचार रिपोर्ट की तस्वीर साझा की और स्पष्ट किया कि शीर्षक उनके द्वारा नहीं दिया गया है। कंगना ने लिखा, “मेरे रिश्तेदार और दोस्त मुझे यह मानकर भेज रहे हैं कि हेडलाइन मैंने दी है, लेकिन यह हेडलाइन और खबर मेरे द्वारा नहीं दी गई है।”

बता दें कि कंगना ने चुनावी राजनीति में प्रवेश करने का संकेत देते हुए कहा था कि अगर भगवान कृष्ण ने उन्हें आशीर्वाद दिया तो वह अगला लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने इंटरव्यू में कहा, “श्री कृष्ण की कृपा रहेगी तो जरूर लड़ूंगी।”
कंगना का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रणौत को आखिरी बार फिल्म ‘तेजस’ में देखा गया था, जो दर्शकों को प्रभावित करने में असफल रही। इसके बाद एक्ट्रेस ‘इमरजेंसी’ में दिखाई देंगी, जिसमें वह भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा उनके पास ‘मणिकर्णिका 2’ भी है।





