‘हनुमान अंश’ के बाद धर्म-आस्था पर फिल्मों की बहार, संजय मिश्रा बनेंगे साईं बाबा; खाटू श्याम पर भी फिल्म का ऐलान
फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियों को लेकर दिलचस्प हलचल देखने को मिल रही है। हाल ही में बाबा नीम करौली पर बनी ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब एक के बाद एक कई धार्मिक फिल्मों की घोषणा सामने आई है। इसी कड़ी में संजय मिश्रा की अगली फिल्म ‘तेरा साईं’ चर्चा में है, जिसमें वह साईं बाबा की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
‘तेरा साईं’ में साईं बाबा बनेंगे संजय मिश्रा
तेरा साईं’ का ऐलान अप्रैल में शिरडी में किया गया था। फिल्म का निर्देशन पलाश मुच्छल कर रहे हैं और कहानी भी उन्होंने लिखी है। फिल्म में संजय मिश्रा संत साईं बाबा का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओंकार दास मानिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अब मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी सामने ला दी है। ‘तेरा साईं’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी, मराठी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की जाएगी और इसका वितरण सिनेपोलिस इंडिया करेगा। कहानी साईं बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनसे जुड़ी आस्था पर केंद्रित होगी।
खाटू श्याम पर भी बड़े पर्दे की तैयारी
इसी बीच ‘Haare Ka Sahara, Baba Khatu Shyam Hamara’ नाम की एक नई फिल्म का भी ऐलान हुआ है। अबुंडेंटिया एंटरटेनमेंट और सेलेक्ट मीडिया मिलकर इस फिल्म को बना रहे हैं, जिसकी सिनेमाघरों में रिलीज 2027 के लिए तय की गई है।
फिल्म की कहानी महाभारत से जुड़े बर्बरीक और उनके खाटू श्याम बाबा के रूप में पूजे जाने की धार्मिक परंपरा से प्रेरित होगी। मेकर्स का कहना है कि फिल्म में आस्था, त्याग, उम्मीद और समर्पण जैसे भावों को प्रमुखता दी जाएगी। कहानी को प्रामाणिक तरीके से पेश करने के लिए विद्वानों और आध्यात्मिक सलाहकारों के साथ काम करने की योजना भी बताई गई है।
ऐसे में ‘हनुमान अंश’ की चर्चा के बीच ‘तेरा साईं’ और खाटू श्याम पर बनने वाली फिल्म का ऐलान इस बात का संकेत दे रहा है कि धार्मिक सिनेमा एक बार फिर दर्शकों और फिल्ममेकर्स का ध्यान तेजी से खींच रहा है।






