निसार वायनाड के अचानक निधन की खबर ने म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को झकझोर दिया है। उदित नारायण जैसी आवाज के लिए मशहूर निसार ने 44 साल की उम्र में दुबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली।
केरल के वायनाड जिले के कंबलक्कड़ से ताल्लुक रखने वाले निसार मप्पिला गीतों के लोकप्रिय गायक थे। उनकी आवाज में उदित नारायण की झलक इतनी साफ सुनाई देती थी कि उन्हें कई जगहों पर ‘जूनियर उदित नारायण’ के नाम से भी पहचाना जाता था। उन्होंने मलयालम और कन्नड़ सिनेमा के लिए भी अपनी आवाज दी थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, निसार अगस्त में कई म्यूजिकल कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए UAE पहुंचे थे। शनिवार को तेज बुखार के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्हें दुबई के मंकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
सबसे भावुक करने वाली बात यह है कि निसार को अजमान में एक म्यूजिकल शो में परफॉर्म करना था, लेकिन कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही उनकी मौत हो गई। उनके आगे दुबई और सऊदी अरब में भी कई कार्यक्रम निर्धारित थे।

निसार की पहचान सिर्फ उनकी आवाज तक सीमित नहीं थी। वह मप्पिला गीतों और लाइव स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए बड़ी संख्या में लोगों से जुड़े थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कभी उदित नारायण के साथ भी मंच साझा किया था।
उनके निधन से UAE में रहने वाला मलयाली समुदाय और संगीत जगत सदमे में है। निसार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं।






