‘हनुमान अंश’ की हिंदी में जबरदस्त सफलता के बाद अब फिल्म को तेलुगू दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी पूरी हो गई है। होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर में तेलुगू भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ को लेकर रिलीज से पहले ही काफी चर्चा थी। फिल्म की कहानी Divine Detour किताब से प्रेरित है और इसमें लक्ष्मीनारायण के आध्यात्मिक सफर के जरिए नीम करोली बाबा के व्यक्तित्व और उनके जीवन को पर्दे पर दिखाया गया है। फिल्म में शोभिनव सत्या, विहान शेडगे और चंदन आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
खास बात यह है कि फिल्म का तेलुगू रिलीज प्लान पहले भी सामने आया था, लेकिन सितंबर में इसकी रिलीज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पहले 18 सितंबर को तेलुगू रिलीज की योजना थी, लेकिन बाद में वह टल गई। अब होम्बले फिल्म्स ने खुद नई तारीख पर मुहर लगा दी है।
फिल्म की हिंदी रिलीज के बाद इसके बॉक्स ऑफिस सफर ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है।
अब तेलुगू वर्जन की रिलीज के साथ फिल्म की कहानी और नीम करोली बाबा से जुड़ा आध्यात्मिक संदेश एक नए दर्शक वर्ग तक पहुंचेगा। खास तौर पर दक्षिण भारत में फिल्म को लेकर उत्सुकता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि इसकी रिलीज होम्बले फिल्म्स संभाल रही है, जो ‘KGF’, ‘कांतारा’ और ‘सालार’ जैसी फिल्मों से जुड़ी रही है।
9 अक्टूबर को होने वाली यह रिलीज फिल्म के सिनेमाई सफर का अगला पड़ाव होगी।






